मर्डर: अवैध संबंधों में बाधक बने पति का कत्ल, प्रेमी के साथ मिलकर दिया वारदात को अंजाम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी के मुजफ्फरनगर शहर में एक विवाहिता ने अनैतिक संबंधों में बाधक बने पति की प्रेमी के साथ मिलकर चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी। शनिवार सुबह वारदात का खुलासा होने के बाद पुलिस ने हत्यारोपी पत्नी को हिरासत में लेते हुए घर की छत पर छिपाकर रखा गया हत्या में प्रयुक्त चाकू व मोबाइल कब्जे में ले लिया। हत्यारोपी पत्नी का प्रेमी फरार है, जिसकी तलाश के लिए टीम गठित की गई है।
शाहपुर कस्बे के मोहल्ला गड़रियान निवासी सुनील (42) पुत्र जगदीश राजमिस्त्री था। शुक्रवार की रात वह पत्नी सुधा के साथ घर के नीचे के कमरे में और उसकी बेटी और बेटे ऊपर के कमरे में सोए थे। शनिवार सुबह सुधा ने घर का मेन गेट बाहर से बंद होने की बात कही, जिसे सुनकर पास में रहने वाले परिजन व आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। परिजन मेन गेट पर बाहर से लगा कुंडा खोलकर अंदर घुसे तो वहां केवल सुधा मौजूद दिखी। उन्होंने सुधा से सुनील व बच्चों के बारे में पूछा, तो वह इधर-उधर की बातें करने लगी। शक होने पर परिजन अंदर कमरे में घुसे तो उनके होश उड़ गए। कमरे में सुनील की लहूलुहान लाश पड़ी थी, जिसके सिर व गर्दन पर चाकुओं से वार किए गए थे। हत्या इतने निर्मम तरीके से की गई थी कि शव से निकला खून पूरे कमरे में फैलने के साथ ही कमरे की दीवारें भी खून से सनी थीं। परिजनों ने तत्काल पुलिस को घटना की जानकारी दी, जिस पर इंस्पेक्टर यशपाल सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी दी। वारदात में सुधा की भूमिका संदिग्ध देख पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया गया।
सूचना मिलने पर एसपी देहात आलोक शर्मा व सीओ बुढ़ाना हरिराम यादव भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद लाश को मोर्चरी भेज दिया गया। इस मामले में मृत सुनील के भाई अनिल ने भाभी सुधा व उसके प्रेमी जनपद बागपत के गांव शेरपुर लुहारी निवासी सूफियान के खिलाफ हत्या की नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। फरार प्रेमी की गिरफ्तारी के लिए दो टीमों का गठन किया गया है, जिन्हें बागपत रवाना कर दिया गया है।
पति व बच्चों को खिला दी थी नशे की गोलियां
मोहल्ला गड़रियान निवासी राजमिस्त्री सुनील की हत्या सुनियोजित तरीके से की गई। हत्या से पूर्व शुक्रवार रात हत्यारोपी पत्नी सुधा ने सुनील को खाने में नशे की गोलियां दे दी थी। बच्चों को घटना का पता न चले, इसके लिए उन्हें भी नशे की गोलियां खिलाईं गईं थीं। एसपी देहात आलोक शर्मा ने बताया कि पति व बच्चों के नशे की हालत में सो जाने के बाद महिला ने प्रेमी को फोन कर घर बुलाया। इसके बाद हत्यारोपी पत्नी ने पति के पैर पकड़े और प्रेमी ने उसके सिर व गर्दन पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर सुनील को कत्ल कर दिया। कत्ल के बाद हत्या में प्रयुक्त चाकू व महिला का मोबाइल घर की छत पर छिपा दिया गया, जिसे महिला से पूछताछ के बाद बरामद कर लिया गया है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/