मर्डर: दिनदहाड़े चाचा की गोलियों से भूनकर हत्या, हत्यारोपी भतीजा गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर शहर से सटे गांव सहावली में सोमवार सुबह भतीजे ने चाचा की लाइसेंसी बंदूक से गोलियां मारकर हत्या कर दी। हत्यारोपी ने बड़े भाई के साथ हुए मामूली विवाद में हत्याकांड को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर वारदात में प्रयुक्त बंदूक भी बरामद कर ली है। चचेरे भाई ने आरोपी के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के गांव सहावली निवासी ओमपाल सिंह (60) सोमवार सुबह करीब 8.30 बजे खेतों में घूमने के बाद घर लौट रहे थे। गांव में स्थित रविदास मंदिर के निकट वहां पहले से लाइसेंसी बंदूक लेकर खड़े उनके भतीजे विपिन उर्फ कालू उर्फ चेयरमैन पुत्र सतपाल ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि पहले तो विपिन से ओमपाल सिंह की कुछ कहासुनी हुई, जिसके बाद विपिन ने बंदूक से उन पर फायरिंग कर दी। दो गोलियां लगने से ओमपाल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जिसके बाद हत्यारोपी विपिन मौके से फरार हो गया।
वहीं घटना की सूचना पर पहुंचे परिजन ओमपाल सिंह को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। दिन निकलते ही हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। एसपी सिटी ओमवीर सिंह, सीओ मंडी योगेंद्र सिंह व नई मंडी इंस्पेक्टर हरशरण शर्मा टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में ओमपाल सिंह के बेटे दीपक ने विपिन उर्फ कालू के खिलाफ नामजद तहरीर देकर बताया कि रविवार शाम उसके पिता की विपिन के भाई पिंटू से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी।
आरोप है कि उसी समय विपिन ने ओमपाल को जान से मारने की धमकी दी थी, लेकिन उन्होंने उसे गंभीरता से नहीं लिया था। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज करते हुए गांव में दबिश देकर आरोपी विपिन को गिरफ्तार कर लाइसेंसी बंदूक भी कब्जे में ले ली। हत्यारोपी से पूछताछ कर उसे जेल भेजने की कवायद की जा रही है।
हत्या करना ही रहा मकसद
गांव सहावली में चाचा ओमपाल की हत्या करने वाले भतीजे विपिन का मकसद हत्या करना ही था। दरअसल, हत्यारोपी ने चाचा को दोनों गोलियां सीने में मारी। पहली गोली उसने दाहिने सीने पर और दूसरी गोली भी उनके सीने में बायीं तरफ सटाकर मारी। इसके चलते ओमपाल की मौके पर ही मौत हो गई।
करीब छह साल पूर्व बड़े भाई पर भी किया था हमला
गांव सहावली निवासी ओमपाल सिंह की हत्या करने वाला भतीजा विपिन उर्फ कालू उर्फ चेयरमैन इससे पहले भी आपराधिक प्रवृत्ति का रह चुका है। इंस्पेक्टर हरशरण शर्मा ने बताया कि करीब छह साल पूर्व उसने अपने बड़े भाई पर भी फायरिंग कर दी थी। हालांकि किसी कारणवश इस घटना की शिकायत पुलिस से नहीं की गई थी।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/