फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Meerut News ›   Ganganagar home in robbery of business

गंगानगर में कारोबारी के घर दिनदहाड़े डाका  

Mon, 01 Aug 2016 12:25 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो/मेरठ
अमर उजाला ब्यूरो/मेरठ Updated Mon, 01 Aug 2016 12:25 AM IST
विज्ञापन
Ganganagar home in robbery of business
एसएसपी से लूट का विरोध जताते व्यापारी और सांसद। - फोटो : अमर उजाला
 कांवड़ यात्रा के दौरान हाई अलर्ट के बीच बदमाशों ने गंगाधाम कॉलोनी में रविवार को कंफेक्शनरी कारोबारी के घर लाखों रुपये की डकैती को अंजाम दे डाला। घर पर अकेली कारोबारी की पत्नी को बदमाशों ने बंधक बनाकर पीटा। पिस्टल की बट से सिर फोड़ दिया। इस बीच कारोबारी घर पहुंचा तो पड़ोसी के साथ बदमाशों से भिड़ गया। बदमाश लाखों रुपये कैश, ज्वैलरी के अलावा लाइसेंसी पिस्टल व बंदूक लूटकर फरार हो गए। 
विज्ञापन

यह सनसनीखेज वारदात थाना गंगानगर से करीब डेढ़ किमी दूर डिवाइडर रोड स्थित गंगाधाम कॉलोनी के सेक्टर सी निवासी सुनील अरोड़ा उर्फ टोनी के घर हुई। भाजपा के पूर्व मंडल उपाध्यक्ष सुनील की आबूलेन पर बाबा कंफेक्शनरी शॉप है। दोपहर करीब दो बजे सुनील भतीजी को छोड़ने कॉलोनी के बी ब्लॉक में भाई जितेंद्र अरोड़ा के घर गए थे।
विज्ञापन

इस दौरान वहां पहुंचे दो बदमाशों ने लॉबी में मौजूद सुनील की पत्नी पूनम से भोलेनाथ के भंडारे के लिए चंदा मांगा। पूनम पैसे लेने घर में घुसीं तो दोनों बदमाश भी अंदर घुस आए। विरोध पर बदमाशों ने गन प्वाइंट पर पूनम को बंधक बना लिया। इस दौरान बदमाशों के दो और साथी घर में घुस आए जबकि दो बदमाश घर के बाहर सफेद कार में बैठे रहे। पूनम बदमाशों से भिड़ीं तो बदमाशों ने उन्हें बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। हाथापाई के दौरान पूनम ने दो बदमाशों के हाथ में भी काट खाया। बदमाशों ने करीब तीन लाख रुपये कैश, ज्वैलरी और दोनों असलह कब्जे में करने के अलावा पूनम के जेवरात भी उतरवा लिए। इस बीच घर पहुंचे सुनील भी बदमाशों से भिड़ गए। बदमाश हथियार लहराते हुए बाइक और कार से फरार हो गए। वारदात के बाद पहुंचे भाजपा सांसद, विधायक और व्यापारियों की एसएसपी से तीखी नोकझोंक हो गई।
विज्ञापन
विज्ञापन


भंडारे का चंदा मांगा, डाल दी लाखों की डकैती  
 गंगाधाम
कॉलोनी में कंफेक्शनरी कारोबारी के घर बदमाश युवक भंडारे का चंदा मांगने की आड़ में घुसे थे। मासूमियत दिखाते हुए कारोबारी की पत्नी पूनम से कहा कि आंटी... हमने बाबा भोलेनाथ का डिवाइडर रोड पर भंडारा लगा रखा है। जिसमें कांवड़ियों की सेवा के लिए चंदा दे दो। पूनम पैसे लेने के लिए अपने घर में घुसीं तो बदमाश भी गेट मेन का दरवाजा खोलकर अंदर घुस आए। पूनम ने विरोध किया तो बदमाशों ने उन पर पिस्टल तान दी। 
इस बीच बदमाशों के दो और साथी भी घर में आ धमके।
बदमाशों के हमले में बुरी तरह घायल हुईं पूनम यह तो सही से नहीं बता सकीं कि गेट पहले से खुला हुआ था या बदमाश ने खोला। लेकिन बताया कि मैंने अनजान युवकों के जबरन अंदर घुसने का जरूर विरोध किया था। जिस पर बदमाशों ने मुझसे मारपीट करनी शुरू कर दी। दो बदमाशों ने मुझे गन प्वाइंट पर ले लिया। घर में कैश और जेवर कहां है, मुझसे पूछना शुरू कर दिया। कैश और जेवर मेरे बेटे की सगाई के लिए रखा था। मैं बताने के बजाय बदमाशों से भिड़ गई और हाथापाई के बीच दो बदमाशों के हाथ में काट खाया। इस पर एक बदमाश ने बौखलाकर मेरे सिर पर पिस्टल की बट दे मारी। मुझे तेज चक्कर आ गए। मैं सिर पकड़कर बैठ गई। मेरे चेहरे पर बदमाशों ने कई वार किए। उसके बावजूद मैं बदमाशों से लड़ती रही। इस बीच मेरे पति ने गेट पर आकर घंटी बजाई तो बदमाश छिपने के बजाय बिना खौफ के बाहर निकले और पति पर भी हमला कर दिया।

सांसद और विधायक ने एसएसपी को घेरा
डकैती
की सूचना कंट्रोल रूम पर फ्लैश होने पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। उस वक्त एसएसपी और एसपी देहात औघड़नाथ मंदिर में थे। सूचना मिलने पर वे तुरंत गंगाधाम कॉलोनी पहुंचे। जहां उन्हें सांसद राजेंद्र अग्रवाल, कैंट विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल, संयुक्त व्यापार संघ के अध्यक्ष नवीन गुप्ता, दलजीत सिंह, संदीप गुप्ता एल्फा, बिजेंद्र अग्रवाल, विपुल सिंघल, कमलदत्त शर्मा आदि ने घेरकर हंगामा किया। सांसद ने बिगड़ती कानून व्यवस्था पर सवाल उठाया तो पुलिस अफसरों से उनकी तीखी नोकझोंक हो गई। 

प्लानिंग के साथ की वारदात
कारोबारी
के घर डकैती डालने बदमाश नयी उम्र के थे। जिन्होंने पूरी प्लानिंग के साथ डाका डाला। वारदात के बाद भी वह उस रास्ते से भागे, जहां बीच में न तो कोई चौकी थी और थाना। पुलिस का मानना है कि बदमाश करीबी हो सकते हैं। जिन्हें शायद पता था कि कारोबारी के पुत्र ब्रज की सगाई और शादी के लिए घर में कैश और ज्वैलरी रखी है। बदमाश बार-बार कैश और ज्वैलरी के बारे में ही पूछ रहे थे। वहीं, पूनम अरोड़ा ने पुलिस को बताया कि बदमाशों की उम्र करीब 28 से 35 साल के बीच रही होगी। जो आम भाषा बोल रहे थे। जिन्होंने कपड़े और जूते ठीकठाक पहन रखे थे। इस दौरान घर पर बेटा भी नहीं था।
फर्जी मिले कार, बाइक के नंबर

फुटेज और आसपास के लोगों ने बदमाशों की बाइक का नंबर हिंदी में लिखा बताया। जो सही से पढ़ा नहीं जा सकता। पुलिस ने बताया कि जांच में दोनों वाहनों के नंबर संदिग्ध पाए गए हैं।

कोट
वारदात के खुलासे के लिए क्राइम ब्रांच और गंगानगर पुलिस को लगाया है। बदमाश नजदीकी हो सकते हैं। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार और बाइक के नंबर और बदमाशों के चेहरों से बदमाशों को पकड़ने के प्रयास हो रहे हैं।- जे. रविंदर गौड़, एसएसपी
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें हर राज्य और शहर से जुड़ी क्राइम समाचार की
ब्रेकिंग अपडेट।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed