परिवार का आखिरी चिराग बुझा, बिलखते हुए पत्नी बोली... उन्हें था ये शक
बिजनौर के नजीबाबाद में लापता युवक का शव बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मंगलवार को नजीबाबाद दवा लेने गया था। घरवालों ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी। घरवालों ने रंजिशन हत्या की आशंका व्यक्त की है। उधर, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। युवक घर का अकेला और आखिरी चिराग था।
कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के गांव सिकंदरपुर निवासी सुशील राठी का पुत्र अंकित मंगलवार सुबह करीब नौ बजे बुखार की दवा लेने घर से नजीबाबाद के लिए निकला था। मगर शाम तक भी घर वापस नहीं पहुंचा। मोबाइल भी रिसीव न होने पर परेशान परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। परिजन और ग्रामीण देर रात तक अंकित की तलाश में भटकते रहे, मगर उसका कोई सुराग नहीं लग सका था। सुशील राठी ने कोतवाली देहात थाने में पुत्र की गुमशुदगी दर्ज करा दी थी।
बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे सरवनपुर-अमान नगर नहर पटरी मार्ग पर युवक का शव पड़ा होने की खबर से क्षेत्रीय ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। क्षेत्रवासी शव को पहचान नहीं सके। तभी गांव सिकंदरपुर से युवक के लापता होने की जानकारी पर सुशील राठी को सूचित किया गया। मृतक सिकंदरपुर का युवक अंकित (22) होने पर पिता सुशील, मां सुमंतरा व अन्य परिजनों में कोहराम मच गया।
अकेला और आखिरी चिराग था
घटना की सूचना पर नजीबाबाद से थाना प्रभारी सतीश कुमार, कोतवाली देहात थाना प्रभारी अजय कुमार सिंह ने मौके पर पहुंचकर परिजनों से जानकारी की। सुशील राठी ने पुलिस को बताया कि भाई की जमीन बिकने के बाद किसी बात पर नाराज गांव के ही व्यक्ति ने दो दिन पहले उसके साथ धक्का-मुक्की थी। अंकित ने बीचबचाव कराया था। आशंका है कि रंजिशन अंकित की हत्या की गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भेज दिया। हालांकि एक वर्ष पहले ही देहरादून में हुई एक घटना में अंकित के भाई संदीप की मौत हो चुकी है। अंकित अपने घर का अकेला और आखिरी चिराग था।
तीन माह पहले ही हुई थी शादी
अंकित का विवाह पांच जून को गांव दयालपुर निवासी राजेंद्र सिंह की पुत्र ज्योति से हुआ था। रोती-बिलखती ज्योति के लबों पर बस एक ही बात थी कि जब मैंने तुम्हें अकेले जाने से मना किया था, तो तुम अकेले क्यों गए, ज्योति ने पुलिस को बताया कि अंकित ने करीब 11 बजे आखिरी बार उससे मोबाइल पर बात की और कहा कि वह दवा लेकर तीन बजे तक घर लौट आएगा।
पढ़ें : बेटी... पिता जी अब बर्दाश्त नहीं होगा, सुपारी देकर Facebook फ्रेंड से करा दिया कत्ल
भाई की तलाश में दर-दर भटकी बहन
अंकित की बहन दीपा भाई की तलाश में नजीबाबाद में डॉ. ओमपाल सिंह के क्लीनिक, लैब, डॉ.शर्मा क्लीनिक सहित कई जगहों पर भटकी। चिकित्सकों द्वारा उनके यहां अंकित नाम के किसी मरीज के न आने की बात कही गई।
हर कोई जता रहा हत्या की आशंका
परिजन ही नहीं, ग्राम प्रधान विजयपाल सहित कई ग्रामीण अंकित की हत्या की आशंका जता रहे हैं। उनका तर्क था कि जूरा (खरपतवार कीटनाशक) का पैकेट मौके पर बंद पड़ा था। युवक का मुंह खोलकर देखा, तो मुंह में कीटनाशक भरा मिला। युवक ने कीटनाशक खाया होता, तो पैकेट बंद नहीं होता और कीटनाशक मुंह में नहीं होता। आशंका जताई गई कि हत्या को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई है। कोतवाली देहात थाना प्रभारी ने बताया कि युवक की गुमशुदगी थाने में दर्ज है। शव नजीबाबाद थाना क्षेत्र में मिला था। नजीबाबाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मामला दर्ज कर लिया जाएगा।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/