आमने-सामने चलीं गोलियां: पुलिस की गोली का निशाना बना बाबू बक्सर, घायल, इंस्टाग्राम के जरिए फैलाता था दहशत
Meerut News : मेरठ में पुलिस और बमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान दोनों के बीच आमने-सामने गोलियां चलीं। वहीं, पुलिस की गोली लगने से बदमाश बाबू बक्सर घायल हो गया। वह इंस्टाग्राम के जरिए दहशत फैलाता था।
विस्तार
मेरठ में गांव जेई निवासी जवास अली के बाग में भावनपुर पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। इसमें बाबू बक्सर बाएं पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस के अनुसार, बाबू बक्सर पर भावनपुर थाना में तीन मुकदमे, मेडिकल थाना में तीन, बहसूमा और लालकुर्ती में एक-एक मुकदमा दर्ज है।
भावनपुर थाना पुलिस रविवार को जेई पुलिया के समीप चेकिंग कर रही थी। इसी बीच किला परीक्षितगढ़ की ओर से बाइक सवार दो युवकों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। इस पर बदमाशों ने बाइक दौड़ा दी। इसके बाद बदमाश एक बाग में जाकर छिप गए। पुलिस ने इन्हें घेर लिया।
वहीं, मुठभेड़ के दौरान दोनों ओर से हुई फायरिंग में एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लग गई। इसकी पहचान बाबू बक्सर उर्फ ऐकांश पाल पुत्र राजपाल के रूप में हुई। बाबू बक्सर के पास से एक 315 बोर का तमंचा और तीन कारतूस बरामद किए गए। दूसरा साथी फरार हो गया।
यह भी पढ़ें: बड़ी कार्रवाई: मेरठ से सपा विधायक रफीक अंसारी लखनऊ में गिरफ्तार, इस मामले में हुआ एक्शन
इंस्टाग्राम पर वीडियो वायरल
बाबू बक्सर और कालू राम नगरीया के बीच वर्चस्व को लेकर काफी समय से रंजिश चली आ रही है। ये दोनों ही इंस्टाग्राम पर गोली चलाते, तमंचा लहराते हुई अपने-अपने वीडियो वायरल करते हुए दहशत फैलाते रहते थे। दोनों ने एक-दूसरे पर गोली भी चला दी थी।
यह भी पढ़ें: Meerut: ढाबा संचालक ने ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, वर्दी फाड़ी, 20 मीटर तक घसीटे