ऑनर किलिंग: चचेरे भाई ने बहन और उसके प्रेमी को गोली मारी, आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आन की खातिर बागपत में फिर खून बहाया गया। नई बस्ती में चचेरे भाई ने बहन और उसके प्रेमी की गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपी ने पांच राउंड गोली चलाई। इससे बस्ती में भगदड़ मच गई। देर रात पुलिस ने मुठभेड़ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पैर में गोली लगने से आरोपी भी घायल हो गया है। सीओ बड़ौत रामानंद कुशवाहा मामले की पड़ताल कर रहे हैं।
नई बस्ती की रहने वाली आसमां उर्फ आसमीन (47) का निकाह 12 साल पहले मुजफ्फरनगर के भौरा कलां थाना क्षेत्र के गांव सावटू नंगला निवासी सरफराज के साथ हुआ था। पति से विवाद के बाद इन दिनों आसमां नई बस्ती में ही किराए का मकान लेकर रह रही थी। महिला के चचेरे भाई आबिद को शक था कि आसमां का मोहल्ले के ही रिक्शा चालक गफ्फार के साथ संबंध है। इसकी वजह से वह आसमां से नाराज था। कई बार वह आसमां के साथ टोकाटाकी भी कर चुका था।
वहीं मंगलवार रात करीब नौ बजे आबिद ने आसमां के घर में गफ्फार को बैठे हुए देख लिया। गुस्साए आबिद ने आसमां की तीन गोली मारकर हत्या कर दी। बीचबचाव में आए गफ्फार पर फायरिंग की। इसमें एक गोली गफ्फार के पेट में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हमलावर वारदात के बाद मौके से फरार हो गया।
इसके बाद सीओ बड़ौत रामानंद कुशवाहा और कोतवाली प्रभारी आरके सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने गफ्फार को सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से उसे दिल्ली के लिए रेफर कर दिया गया।
कोतवाली प्रभारी आर के सिंह ने बताया कि दिल्ली में उपचार के दौरान गफ्फार की मौत हो गई। उधर, वारदात के बाद भाग रहे आबिद की बिजरौल रेलवे अंडरपास के निकट पुलिस से मुठभेड़ हो गई। आरोपी ने पुलिस पर गोली चलाई। गोली दरोगा नाजिम को लगी, लेकिन बुलेट प्रूफ जैकेट पहने होने के कारण वह बच गए। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक गोली आबिद के पैर में लगी, जिससे वह गिर पड़ा। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/