पतंजलि में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी, पीड़ित महिला ने लगाई इंसाफ की गुहार
एक युवक ने पतंजलि आयुर्वेदिक कंपनी में नौकरी दिलाने के नाम पर दंपति से 1.24 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित महिला ने नितिन वर्मा नामक युवक के बैंक एकाउंट में दस बार रुपये ट्रांसफर किए। जब पति को नौकरी नहीं मिली तो पीड़ित महिला ने एएसपी को प्रार्थना पत्र देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। एएसपी ने पीड़ित को रिपोर्ट दर्ज कराकर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। मामला यूपी के बागपत जनपद का है।
छपरौली थाना क्षेत्र के ककौर कलां गांव निवासी पुष्पा बोबिंद्र ने एएसपी राजेश कुमार श्रीवास्तव को बताया कि 28 दिसंबर को उसके पति के मोबाइल पर नितिन नामक युवक का फोन आया। उसने पतंजलि आयुर्वेदिक कंपनी में पति को नौकरी दिलाने की बात कही। उसने बताया कि 23 हजार रुपये प्रति महीना वेतन मिलेगा, लेकिन साढ़े 12 हजार रुपये बैंक खाते में डलवा देना। इस रुपये से लैपटॉप, प्रिंटर मशीन, दो सिम, मोबाइल फोन दिया जाएगा। वे उसके बहकावे में आए गए। उन्होंने साढ़े 12 हजार रुपये नितिन वर्मा नामक युवक के बैंक खाते में ट्रांसफर कराए।
इसके बाद भी उन्होंने कई बार रुपये भेजे। दो जनवरी तक वे उसके खाते में 1.24 लाख रुपये ट्रांसफर करा चुके हैं, लेकिन पति को नौकरी नहीं मिली। युवक ने 21 हजार 650 रुपये और भेजने कहा। जब उन्होंने रूपये भेजने से इंकार कर दिया तो उसने धमकी दी कि यदि तुमने पुलिस से शिकायत की तो पति को नौकरी नहीं मिलेगी। साथ ही रुपये भी नहीं देंगे। पीड़ित महिला ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। एएसपी राजेश कुमार श्रीवास्तव ने रिपोर्ट दर्ज कराकर कार्रवाई की आश्वासन दिया।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/