यूपी: छावनी क्षेत्र में लॉक डाउन तोड़ा तो सेना भी लेगी खबर, बिना पास के नहीं मिलेगी एंट्री
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मेरठ में पुलिस प्रशासन के साथ साथ अब सेना भी लाॅकडाउन को लेकर सख्त हो गई है। मेरठ के छावनी क्षेत्र में यदि कोई बिना पास पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यही नहीं यदि कोई सिविलियन सड़क पर बिना वजह मिलता है तो सेना उससे सख्ती से निपटेगी।
मेरठ कैंट में पुलिस के साथ साथ सेना भी लाॅकडाउन का उल्लंघन करने वालों की खबर लेगी। सैन्य अधिकारियों के मुताबिक सब एरिया हेड क्वार्टर की तरफ से सेना के जवानों को अपनी यूनिट नहीं छोड़ने के आदेश दिए गए हैं। अगर कोई भी कैंट में अपनी यूनिट से बाहर जाता है तो उसे अपने अधिकारी से अधिकृत पास बनवा कर ले जाना होगा।
सेना के जवान के अगर परिवार में कोई बीमार है तो भी वह बिना पास के नहीं जा सकता है। अगर बिना पास के सेना का कोई जवान या अफसर बाहर सड़कों पर दिखा तो उसके खिलाफ सेना कार्रवाई करेगी। इसी के साथ लॉक डाउन में सरकार द्वारा निर्धारित समय को छोड़कर अगर कोई सिविलियन सड़क पर मिला तो सेना उससे सख्ती से निपटेगी।
हाईकमान से आए आदेशों के मुताबिक स्पष्ट कहा गया है कि किसी भी सिविलियन की लापरवाही या किसी सेना के जवान की लापरवाही से कोरोनावायरस अगर सेना की किसी भी यूनिट में पहुंच गया तो बेहद मुश्किल हो जाएगी।
ऐसे में कैंट क्षेत्र में रहने वाले सिविलियन सावधान हो जाएं अभी तक पुलिस उनको समझा बुझा कर निकलने दे रही थी लेकिन सेना सख्त कार्रवाई करेगी। अगर प्रशासन की तय सीमा के बाद कोई दूसरे समय में सिविलियन क्षेत्र में निकलता है तो उसके पास सड़क पर निकलने की वजह का पुलिस द्वारा दिया गया पास होना चाहिए। ऐसा नहीं किया जाने पर सेना पुलिस उनको पकड़ कर पुलिस के हवाले कर देगी।
कैंट क्षेत्र में 20 से 25 हजार हैं सेना और परिवार के लोग
बता दें कि कैंट में सेना और उनके परिवार के लोगों की संख्या 20 से 25 हजार है। वहीं कैंट बोर्ड ने भी अधिकतर बाजारों में दुकानों के बाहर सोशल डिस्टेंसिंग घेरे बनवा दिए हैं। अगर इन घेरों को भी किसी ने तोड़ा तो सेना सख्ती करेगी।