भयावह होती जा रही मेरठ की तस्वीर, नई चेन का खतरा, रैंडम जांच में बागपत का सब्जी आढ़ती निकला कोरोना पाॅजिटिव
शहर में बाहर से आए लोगों के संक्रमण से खतरा और बढ़ गया है। स्वास्थ्य विभाग फिर से नई चेन का खतरे को लेकर चिंतित है। जिले में अब तक दो प्रवासी संक्रमित मिल चुके हैं। एक चेन खत्म नहीं होती, दूसरी शुरू हो जाती है। ऐसे में कोरोना संदिग्धों की तलाश करना भी स्वास्थ्य विभाग के लिए चुनौती बन रही है।
4 दिन पहले महाराष्ट्र से गांव अतराडा पहुंचा युवक कोरोना पॉजिटिव मिलने से गांव में हड़कंप मचा हुआ है। स्वास्थ्य विभाग व पुलिस प्रशासन की टीम पहुंची मौके पर गांव के उस हिस्से को सील किया गया है। वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम कोरोनावायरस से जुड़ी चेन को तोड़ने में जुट गई है।
बागपत के बड़ौत में सब्जी आढ़ती में कोरोना संक्रमण की पुष्टि होने के बाद खलबली मच गई है। सीएमओ डाॅ आरके टंडन ने बताया कि जिले में रैंडम जांच सैंपल लिए गए थे। जिनकी जांच रिपोर्ट में बुधवार को सब्जी व्यापारी संक्रमित पाया गया है।
पूरे क्षेत्र को सैनिटाइज किया जा रहा है। वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम यह पता लगाने में जुट गई हैं सब्जी व्यापारी ने किन किन लोगों से मिला है। वहीं कितने और लोग उसके संपर्क में आए हैं। बड़ौत क्षेत्र में कोरोना वायरस का यह आठवां मामला है।
सहारनपुर में लॉकडाउन के चौथे चरण के लिए जिले में नई गाइडलाइंस के तहत आज से फाइनल मंथन होगा। जिले में उद्योगों को और राहत दी जाएगी। लेकिन हॉटस्पॉट एरिया में उद्योग नहीं चलेंगे और न ही ऐसे एरिया से कर्मचारी भी किसी सूरत में नहीं रखे जाएंगे। ढाबों और मिठाइयों की दुकानों के संचालन के लिए आज व्यापारियों के साथ मिलकर प्लान तैयार किया जाएगा।
इनकी राय के बाद ही ढाबों और मिठाई की दुकानों को रोस्टर के आधार पर चिह्नित किया जाएगा। इसमें होम डिलीवरी की सुविधा दे पाने में सक्षम संचालकों को प्राथमिकता दी जाएगी। गली-मोहल्लों में लोगों की सुविधा के लिए फल सब्जी विक्रेताओं के लिए रियायती समय आज से ही बढ़ा दिया जाएगा।
उन्हें दोपहर बारह बजे की बजाय शाम तक सब्जी विक्रय करने की छूट होगी। हालांकि सराफा कारोबार, शिक्षण संस्थाओं, वुडकार्विंग सहित कई अन्य उद्योगों के लिए अभी कोई प्लान तय नहीं किया गया है। देहात में रामपुर मनिहारान, हबीबगढ़, दातौनी खोल सहित अन्य क्षेत्रों में बंदिशों से राहत मिलेगी। देवबंद और गंगोह क्षेत्र को इसके लिए इंतजार करना होगा।
मंगलवार को जिले में कोरोना के 12 नए संक्रमित मरीज मिले हैं। सभी बाहर से आए थे। प्रशासन ने सभी को क्वारंटीन करके उनके इलाकों को सील कर दिया है। डीएम ने जिले में दुकानों को खोलने के लिए गाइडलाइन जारी की है।
गाइड लाइन के अनुसार बुधवार को कपड़े, बिजली व किताबों की दुकानें करीब महीने भर बाद खुली हैं। दुकानदारों ने दुकानों की सफाई की और सामान लगाया। दुकानदार अब बाजार में ग्राहक आने की आस लगाए हुए हैं। सुबह के समय बाजार में लोगों की चहल पहल भी दिखाई दी है।
शामली में फिर गुलजार हुए बाजार
लॉकडाउन 4 में कई दुकानों को खोलने की इजाजत मिल गई है। रेडीमेड गारमेंट, कपड़ा, साड़ी शोरूम, ज्वेलरी शॉप, मिठाइयों बर्तन की दुकान आज करीब 2 महीने बाद खुली तो बाजार में रौनक नजर आई। हालांकि अभी ग्राहकों की संख्या काफी कम है। संभावना है कि एक-दो दिन में ईद की खरीदारी शुरू हो जाएगी