लापरवाही: दिखावे को शौचालय बना डाले, अभी भी लटके हैं ताले, 90 फीसदी में नहीं सुविधाएं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
स्वच्छ भारत मिशन के तहत शहर में सार्वजनिक स्थानों पर बनाए गए शौचालयों में लाखों रुपये खर्च किए गए हैं, लेकिन जनता को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। वजह 90 फीसदी शौचालयों में लाइट और पानी की सुविधा नहीं है। जहां पर सुविधाएं हैं भी तो वहां ताले लटके हुए हैं।
शहर में नगर निगम स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालयों का निर्माण करा रहा है। निगम प्रशासन का दावा है कि आवास और सार्वजनिक स्थानों पर कुल 11800 शौचालय बनकर तैयार हैं। मंगलवार को अमर उजाला ने सार्वजनिक स्थानों पर निगम द्वारा बनाए गए शौचालयों का निरीक्षण किया तो हकीकत कुछ अलग ही दिखाई दी।
जगह-जगह शौचालय तो बने मिले, लेकिन उनमें सुविधाएं नदारद थीं। नौचंदी मैदान पर दर्जनभर शौचालय बने मिले, लेकिन सभी के गेट पर ताले लटके थे। अभी तक एक भी शौचालय का प्रयोग जनता ने नहीं किया है।
पीपीपी मॉडल पर दिए शौचालय ही खुले
शहर में कमिश्नरी चौराहा, टीपीनगर थाने के पास बनाए गए सार्वजनिक शौचालय पीपीपी मॉडल पर हैं। यहां संस्था के लोग सफाई करते हैं और यूजर चार्ज वसूलते हैं। इससे शौचालय का रखरखाव होता है। इन शौचालयों का जनता को पूरा लाभ मिल रहा है।
निगम के शौचालयों में पानी नहीं
निगम द्वारा शहर में बनाए गए शौचालयों में सुविधाएं मिलना तो दूर की बात है, जब निगम परिसर में बने शौचालय ही पानी और लाइट विहीन हैं। कई बार जनता ने अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन सुधार नहीं हो रहा है। जबकि हर दूसरे साल शौचालय निर्माण पर कई लाख रुपये का बजट खर्च हो रहा है।
ओडीएफ के दावे हवाई
निगम का दावा है कि महानगर खुले में शौच मुक्त हो चुका है। लेकिन उसके ये दावे हवाई साबित हो रहे हैं। शहर के हर घर ही नहीं बल्कि सार्वजनिक स्थानों पर नगर निगम शौचालय बनवा रहा है, लेकिन सुविधाओं के अभाव में लोग इनका उपयोग नहीं कर पा रहे हैं।
संचालन व सफाई की व्यवस्था नहीं
शहर में जगह-जगह शौचालय बनकर तैयार है, लेकिन इसके संचालन और सफाई की व्यवस्था पर अभी कोई विचार नहीं किया गया है। इनकी सुरक्षा के इंतजाम नहीं होने के कारण कई जगह तो लोगों ने इनमें तोड़फोड़ शुरू कर दी है।
जिन ठेकेदारों ने शौचालय बनाए हैं। उन्हीं को पानी कनेक्शन, लाइट आदि की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए गए हैं। सभी को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। जल्द शौचालय संचालन की व्यवस्था कराई जाएगी। आसपास रहने वालों को शौचालय की चाबी दी जा सकती है। -मनोज कुमार चौहान, नगरायुक्त।