दौराला। दौराला में भारतवीर अहलावत टाबुल के आवास पर सोमवार रात सरकार द्वारा बढ़ाए गए भूमि के सर्किल रेट को लेकर किसानों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पहुंचे सपा विधायक अतुल प्रधान का किसानों ने ढोल नगाड़ों के साथ फूलमालाओं से स्वागत किया।
बैठक को संबोधित करते हुए सपा विधायक अतुल प्रधान ने कहा कि दौराला क्षेत्र की खेती की भूमि को किसानों से वर्तमान में 20 से 25 हजार रुपये मीटर के रूप में लोग खरीद रहे हैं। बढ़ाया गया सर्किल रेट बहुत कम है। किसानों की भूमि का सर्किल रेट 200 प्रतिशत तक बढ़ाया जाए ताकि किसान की भूमि का सरकारी मूल्य बढ़े। अधिग्रहण के समय आवासीय भूमि का सर्किल रेट के हिसाब से दोगुणा और खेती की भूमि का चार गुणा मुआवजा मिलता है। बढ़े सर्किल रेट बहुत कम हैं। वह किसानों के साथ हैं और हरसंभव उनकी मदद की जाएगी। किसानों के साथ वह हमेशा रहेंगे। बैठक का संचालन भारतवीर टाबुल और अध्यक्षता पूर्व डायरेक्टर सतपाल सिंह ने की।
इस दौरान हरवीर सिंह, राजेश्वर सिंह, असलम, हरिओम प्रधान, प्रदीप अहलावत, अंशुल चौधरी, हरिओम सिंह, विपिन अहलावत, महकार चौधरी आदि मौजूद रहे।