CBSE: एग्जाम से पहले ही लीक हो गया था मैथ का पेपर, ऐसे खुला राज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी के मुजफ्फरनगर में सीबीएसई हाईस्कूल का गणित का पेपर परीक्षा प्रारंभ होने से पहले ही लीक हो गया था। एग्जाम सेंटर के बाहर परीक्षार्थी कक्ष से जाने से पूर्व गणित के सवालों को हल करते नजर आए। शहर के कई कोचिंग सेंटरों पर भी विद्यार्थियों को उन्हीं प्रश्नों का अभ्यास कराया, जो गणित के पेपर में हू-ब-हू आए। छात्र-छात्राओं के बीच परीक्षा के बाद पहले से पेपर लीक होने की सुगबुगाहट होती रही। सीबीएसई ने हाईस्कूल मैथ की परीक्षा रद़्द करने की अधिकृत सूचना जिले के सभी परीक्षा केद्रों पर भेज दी है।
सीबीएसई हाईस्कूल की परीक्षा में बुधवार को गणित का पेपर सुबह 10.30 बजे प्रारंभ हुआ। ज्यादातर परीक्षा केंद्रों पर छात्र-छात्राएं पहले से ही गणित के सवालों को लेकर उत्सुक नजर आए। एक दूसरे को सवालों का हल कर बताते दिखे। पेपर लीक होने की तब तक कोई भनक नहीं थी। परीक्षा उपरांत जैसे ही परीक्षार्थी केंद्र से बाहर निकले, तो पेपर के सवालों का पहले से ही लीक होने की सुगबुगाहट मच गई। अलग-अलग टोली में खड़े बच्चों ने पेपर के सवालों का पहले से पता होने पर आश्चर्य जताया।
वहीं, कुछ परीक्षार्थियों ने उत्साह में यह भी बता दिया कि उनके कोचिंग सेंटरों पर गत शाम ही पेपर में आए सवालों का अभ्यास करा दिया गया था। एसडी पब्लिक स्कूल, हॉली एंजिल्स, शारदेन, एमजी पब्लिक स्कूल, केंद्रीय विद्यालय आदि परीक्षा केंद्रों पर विद्यार्थियों को लेने आए अभिभावकों ने भी गणित का पेपर लीक होने पर आक्रोश जताया। साथ ही कहा कि गणित का पेपर लीक होने से मेधावी बच्चों का मानसिक उत्पीड़न हुआ है। पेपर कहां से लीक हुआ, इसकी सरकार को जांच करनी चाहिए। दोबारा परीक्षा देने से विद्यार्थियों पर तनाव बढ़ेगा। जैसे ही परीक्षार्थी घर पहुंचे, मैथ का पेपर लीक होने की खबर सुर्खियां बन गई। सीबीएसई दिल्ली के एग्जाम कंट्रोलर ने जिले के सभी 14 परीक्षा केंद्रों के केंद्र संचालकों को मेल कर हाई स्कूल मैथ का पेपर रद्द करने की जानकारी दी।
सीबीएसई की जिला कोआर्डिनेटर चंचल सक्सेना ने बताया कि सीबीएसई का हाईस्कूल मैथ का पेपर कोड संख्या 041 रद्द किए जाने के निर्देश मिल गए है। अब यह पेपर पुन: होगा, जिसकी जानकारी शीघ्र ही दे दी जाएगी।
इकोनॉमिक्स का पेपर भी होगा दोबारा
सीबीएसई इंटरमीडिएट की अर्थशास्त्र का पेपर भी गत सप्ताह दिल्ली में लीक हुआ था। हाईस्कूल गणित के साथ-साथ एग्जाम कंट्रोलर ने इंटर अर्थशास्त्र कोड संख्या 030 की परीक्षा भी निरस्त कर दी है। शारदेन स्कूल की प्रधानाचार्या धारा रतन ने बताया कि हाई स्कूल मैथ के साथ इंटर इकोनॉमिक्स का पेपर भी दोबारा होगा। खतौली के परीक्षा सेंटर मॉर्डन पब्लिक स्कूल के प्रबंधक रंजन अहलावत ने बताया कि मैथ का पेपर रद्द होने से छात्र-छात्राएं मायूस हैं। एक सप्ताह में सीबीएसई एग्जाम की नई तारीखें घोषित करेगी।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/