डीन पर हमले का मामला: आखिरकार बयान दर्ज कराने पहुंची आरती भटेले, कृषि विवि से कुत्ता लेकर लौटी
कृषि विश्वविद्यालय के डीन वेटरनरी डॉ. राजवीर सिंह पर गोलियां बरसाने की साजिश में शामिल आरोपी आरती भटेले पुलिस थाने में बयान दर्ज कराने पहुंची। आरती भटेले ने हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत ले ली है।
विस्तार
मेरठ के मोदीपुरम सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विवि में डीन वेटरनरी डॉ. राजबीर सिंह पर जानलेवा हमले में मुख्य आरोपी महिला प्रोफेसर आरती भटेले शनिवार दोपहर दौराला थाने में बयान दर्ज कराने पहुंची। महिला कांस्टेबल की मौजूदगी में आरोपी प्रोफेसर ने अपने बयान दर्ज कराए। दोपहर बाद महिला प्रोफेसर विश्वविद्यालय के बी ब्लॉक स्थित आवास पर पहुंची और यहां से अपना कुत्ता लेकर चली गईं। यह कुत्ता दो माह से यहीं पर था।
दरअसल, 11 मार्च की शाम कृषि विश्वविद्यालय से लौटते समय डीन पर जानलेवा हमला किया गया था। पुलिस की जांच में सामने आया कि प्रोफेसर आरती ने डीन बनने की चाहत में अपने प्रेमी बिल्डर के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। इसके लिए पांच लाख रुपये की सुपारी भी तय हुई।
यह भी पढ़ें: Tanzil Murder: जालिम को फांसी की सजा अल्लाह की है रजा.., एनआईए अफसर की हत्या के चश्मदीद भाई ने कही ये बड़ी बात
हमले में डीन को कई गोलियां लगीं। फिलहाल उनका घर पर ही उपचार चल रहा है और सुरक्षा की दृष्टि से उनके घर पर पुलिस बल तैनात है। बिल्डर और शूटरों को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस साजिशकर्ता आरती की तलाश में मेरठ के अलावा मध्य प्रदेश सहित अन्य शहरों में लगातार दबिश देती रहीं, लेकिन महिला प्रोफेसर गिरफ्त में नहीं आ पाई थीं।
इसी दौरान आरती भटेले ने हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत ले ली। इसके बाद ही शनिवार को महिला प्रोफेसर दौराला थाने पहुंची और बयान दर्ज कराए।
थाना प्रभारी रमाकांत पचौरी ने बताया कि महिला कांस्टेबल की मौजूदगी में बयान दर्ज कराए गए हैं। उन्होंने बताया कि अभी चार्जशीट तैयार नहीं हुई है। जब तक कोर्ट में चार्जशीट दाखिल नहीं होगी, प्रोफेसर आरती भटेले अग्रिम जमानत पर रहेंगी। चार्जशीट दाखिल होने के बाद आगे की तैयारी की जाएगी।
सीओ दौराला आशीष कुमार शर्मा का कहना है कि अभी थाना पुलिस को बयान दिए गए हैं। इनकी विवेचना कराई जाएगी।