दुष्कर्म पीड़िता का भाई 50 लाख की रंगदारी मांगने और धमकी देने के आरोप में गिरफ्तार
एसपी सिटी डॉ. अखिलेश नारायण सिंह के अनुसार इस सेंटर में एक युवती काम करती थी। जिसने सेंटर के संचालक पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाकर थाना सिविल लाइन में तहरीर दी थी। दोनों के बीच करीब आठ साल से विवाद चल रहा है।
पीड़िता का दावा है कि उसका चार साल का बेटा है, जिसका पिता सेंटर का ही संचालक है। इसकी पुष्टि के लिए भले ही डीएनए परीक्षण करा लिया जाए। वहीं, सेंटर संचालक का आरोप है कि युवती के भाई ने उसे जान से मारने की धमकी देकर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। इस संबंध में पुलिस को एक ऑडियो क्लिप भी सौंपी।
एसपी सिटी का कहना है कि सेंटर संचालक की तहरीर पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने युवती के भाई के खिलाफ मुकदमा कायम कर उसे गिरफ्तार कर लिया। जबकि पीड़ित युवती की तहरीर और उसके बयान दर्ज कर इसी मुकदमे में शामिल कर जांच की जा रही है। जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। जिसका एक मुकदमा कंकरखेड़ा थाने में भी दर्ज है।
इंसाफ चाहिए, जिंदगी बर्बाद हो गई
पीड़ित युवती का कहना है कि उसकी जिंदगी बर्बाद हो गई है। आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और फिर उसे ब्लैकमेल करता रहा। उसकी अश्लील वीडियो भी बना ली थी। अब वह इंसाफ की मांग कर रही है। कई बार पुलिस के पास मामला पहुंचा। लेकिन वह लीपापोती करने में जुटी है। युवती का कहना है कि वह इंसाफ के लिए उच्चाधिकारियों के पास भी जाएगी।
धमकी और रंगदारी मांगना बताया
एसपी सिटी के मुताबिक आरोपी संचालक ने पूछताछ में दावा किया कि युवती जबरन उसके ऊपर आरोप लगा रही है। उसका भाई रंगदारी मांग रहा है। पैसा न देने पर जान से मारने की धमकी दी है। जिसकी ऑडियो पुलिस को दी। हालांकि ऑडियो में वह अपनी बहन की बर्बादी का जिक्र करता सुना जा रहा है।