भारत बंद: नौ जोन में बंटा मेरठ, चप्पे-चप्पे पर पुलिस फोर्स तैनात, पढ़ें-पश्चिमी यूपी में जाम से जुड़ा हर अपडेट
कृषि कानूनों के विरोध में प्रस्तावित भारत बंद के दौरान किसान संगठन आज मेरठ जिले में जगह-जगह हाईवे पर सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक जाम लगाएंगे। वहीं, सपा की किसान यात्रा के दौरान सोमवार दिन भर चले बवाल के बाद शाम को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीडियो कॉंफ्रेंसिंग कर पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि शांतिपूर्ण आंदोलन करने वाले किसानों के साथ दुर्व्यवहार न किया जाए लेकिन अगर इसकी आड़ में कोई गुंडागर्दी और जबरन बंद कराने की कोशिश की तो उसे बख्शा न जाए। मुख्यमंत्री ने साफ कहा है कि सड़कें किसी भी कीमत पर जाम नहीं होनी चाहिए। कानून-व्यवस्था को हाथ में लेने वालों और जबरन बाजार बंद करने वालों को पुलिस जेल भेजे।
उधर, भाकियू जिलाध्यक्ष मनोज त्यागी ने बताया कि मंगलवार को एनएच-58 पर परतापुर और दौराला में, पौड़ी हाईवे पर मवाना में, मेरठ-करनाल हाईवे पर गांव दबथुआ में और मेरठ-बागपत रोड पर जानी में जाम लगाया जाएगा। राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के मंडल अध्यक्ष रामवीर सिंह ने बताया कि संगठन मवाना में तो भाकियू (तोमर गुट) के प्रवक्ता सुशील पटेल ने बताया कि छोटा मवाना में पौड़ी हाईवे जाम किया जाएगा। भारतीय किसान आंदोलन के अध्यक्ष कुलदीप त्यागी के अनुसार गढ़ रोड पर गांव दतावली गेट स्थित यासीन कोल्ड स्टोर के सामने जाम लगाया जाएगा। प्रसपा जिलाध्यक्ष विपिन चौधरी ने बताया कि कार्यकर्ता मवाना-पौड़ी मार्ग पर काले झंडों के साथ चक्का जाम करेंगे।
नौ जोन, 31 सेक्टर में बांटा जिला
बंद को देखते हुए पुलिस विभाग अलर्ट पर रहेगा। एसपी सिटी के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर जिले को नौ जोन, 31 सेक्टरों में बांटा है। 1-1 कंपनी आरएएफ बीएसएफ व तीन कंपनी पीएसी के अलावा 32 क्यूआरटी तैनात की गई है। हाईवे से लेकर शहर के मुख्य बाजारों में पुलिस तैनाती रहेगी।
मुजफ्फरनगर में किसान संगठनों के मंगलवार को प्रस्तावित भारत बंद को लेकर जिले में राजनीतिज्ञ दलों रालोद, सपा और कांग्रेस ने भी अपना समर्थन दिया है। बंद को लेकर सभी किसान संगठन एकजुट हैं। जिले से निकलने वाले तीनों हाईवे दिल्ली-देहरादून, मेरठ-करनाल, पानीपत-खटीमा राजमार्ग पर जाम रहेगा। भारत बंद को लेकर जिले में किसान संगठनों के साथ राजनीतिज्ञ दलों ने भी कमर कस ली है। सुबह 11 बजे से लेकर दोपहर तीन बजे तक जिले में पूरी तरह चक्का जाम रहेगा।
कांग्रेस पूरी तरह किसानों के साथ
कांग्रेस के शहर अध्यक्ष जुनैद रऊफ ने बताया कि पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी, प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के निर्देश पर पार्टी कार्यकर्ता भारत बंद में किसानों के साथ रहेंगे। इस संबंध में पार्टी ने रणनीति भी बनाई।
मरीजों, बरातियों और परीक्षार्थियों को रहेगी छूट
भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत का कहना है कि चक्का जाम शांतिपूर्ण तरीके से सफल होगा। किसानों को अपने गांव के बाहर सड़क जाम करने को कहा है। सभी कार्यकर्ताओं को हिदायत दी गई है कि वह बीमारों की एंबुलेंस न रोके। बरात की गाड़ियां, परीक्षा देने जाने वाले छात्रों को नहीं रोका जाएगा। आंदोलन को बिना किसी को परेशान किए सफल किया जाएगा।
गुड़ मंडी खुलेगी
एशिया की सबसे बड़ी गड़ मंडी पर बंद का असर नहीं रहेगा। यहां के व्यापारियों ने मंडी को खोलने का निर्णय लिया है। मंडी एसोसिएशन के मंत्री श्याम सिंह सैनी ने कहा कि वह न किसान आंदोलन के न पक्ष में है और न ही विरोध में। व्यापारी आठ दिसंबर को अपना कार्य करेंगे।
किसान आंदोलन के चलते रूट डायवर्जन
किसान आंदोलन के तहत मंगलवार को प्रस्तावित भारत बंद व चक्का जाम के तहत जनपद में वाहनों के लिए रूट डायवर्जन प्लान लागू कर दिया गया है। इसके तहत हाईवे पर मेरठ व रुड़की की ओर कोई वाहन नहीं आने-जाने दिया जाएगा।
कृषि कानूनों के विरोध, एमएसपी पर कानून बनाने की मांग के समर्थन में भारत बंद के आह्वान पर किसान संगठनों के साथ विपक्षी दल भी जुड़ गए हैं। मंगलवार को जिले भर में जगह-जगह जाम लगाया जाएगा।
भाकियू, रालोद और सपा नेताओं ने जाम की घोषणा की है। साथ ही भाकियू नेताओं ने शहर में घूमकर व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर सहयोग की मांग की। उधर, पुलिस अधिकारियों ने भाकियू नेताओं के साथ बैठक कर शांतिपूर्वक विरोध दर्ज कराने के लिए कहा।
यहां लगेगा जाम
भाकियू मेरठ करनाल हाईवे पर बिड़ौली, गाड़ीवाला चौक, दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर कांधला, चरथावल बस स्टैंड थानाभवन तथा पानीपत-खटीमा हाईवे पर बनत में जाम लगाएगी। इसके अलावा टिटौली, ऊन, काबड़ौत पुल एवं लिलौन में भी ग्रामीण एकत्र होकर जाम लगाएंगे। कांधला-बुढ़ाना रोड पर किसान नेता बलवी रालोद की ओर से शामली में अजंता चौक तथा कांधला में चौधरी चरण सिंह प्रतिमा के पास जाम लगाया जाएगा। सपा की ओर से मेरठ-करनाल हाईवे पर गांव सिंभालका में जाम लगाया जाएगा।
रहेगी छूट : भाकियू के प्रदेश प्रवक्ता कुलदीप पंवार ने बताया कि जाम के दौरान इमरजेंसी वाहनों को नहीं रोका जाएगा। एंबुलेंस, बरात की गाड़ियों को जाने दिया जाएगा। स्कूली वाहनों तथा परीक्षा आदि देने जा रहे विद्यार्थियों को छूट रहेगी।
सहारनपुर में भारत बंद को लेकर किसान संगठन आज जिले के तीनों हाईवे जाम करेंगे। भाकियू कार्यकर्ता अंबाला-देहरादून रोड पर शाहजहांपुर (सरसावा), दिल्ली-सहारनपुर रोड पर रामपुर मनिहारान और मुजफ्फरनगर- सहारनपुर मार्ग पर नागल में चक्का जाम करेंगे। भारत बंद से एंबुलेंस, आकस्मिक वाहन एवं छात्रों को मुक्त रखा गया है। चक्का जाम आज पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न तीन बजे तक रहेगा। भाकियू, सपा, रालोद, कांग्रेस समेत अन्य संगठनों ने पूरी ताकत झोंक दी है।
बिजनौर में एक साथ 50 जगहों पर चक्का जाम करेंगे किसान
बिजनौर में फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद की गारंटी की मांग और कृषि कानूनों के खिलाफ सभी किसान संगठन एक मंच पर आ गए हैं। सभी ने भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत के आह्वान पर आठ दिसंबर को चक्का जाम करने की घोषणा का समर्थन कर दिया है। जिला बार व व्यापारी संगठनों ने भी चक्का जाम को समर्थन कर दिया है।
चक्का जाम 11 बजे से तीन बजे तक होगा। जिले भर में 50 जगह पर चक्का जाम किया जाएगा। धामपुर में भाकियू भानु गुट के ब्लॉक अध्यक्ष हरिराज सिंह जाट ने कहा है कि 8 दिसंबर को भारत बंद के दौरान भानु गुट नूरपुर मार्ग पर नींदडू में ईंट-भट्ठे के पास नूरपुर मार्ग जाम कर प्रदर्शन करेंगे।
अधिवक्ता न्यायिक कार्य से रहेंगे विरत
जिला बार एसोसिएशन की बार अध्यक्ष एसके बबली की अध्यक्षता व महासचिव नवदीप सिंह के संचालन में हुई बैठक में वक्ताओं ने कहा कि किसानों के भारत बंद की वजह से सभी रास्ते बंद रहेंगे। अधिकतर अधिवक्ता और वादकारी भी किसान हैं। वे जजी नहीं आ पाएंगे। हालात को देखते हुए मंगलवार को न्यायिक कार्य से विरत रहने का निर्णय लिया गया।
सीमाओं पर रहेगा पुलिस बल तैनात
भारत बंद के दौरान शांतिव्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रदेश की सीमाओं पर पुलिस बल तैनात रहेगा। कालागढ़ के थानाध्यक्ष उमेश कुमार ने बताया कि भारत बंद के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए राज्य की सीमा पर बने सुरक्षा बैरियर एक एवं स्टील ब्रिज से रामगंगा नदी के खादर क्षेत्र में वाहनों के जाने वाले मार्गों के लिए बने बैरियर पर पुलिस बल तैनात कर दिया जाएगा। शांतिभंग करने वालों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई भी की जाएगी।
दिल्ली-सहारनपुर, बागपत-मेरठ, बड़ौत-मेरठ और बड़ौत-बुढ़ाना हाईवे जाम किए जाने की तैयारी
भारत बंद को देखते हुए बागपत जिले में पुलिस-प्रशासन ने दिनभर तैयारियां की। जिले को तीन जोन और दस सेक्टर में बांटा गया है। आरआरएफ की एक कंपनी जिले में बुलाई गई। पुलिस और आरआरएफ की टीम मुख्य बाजारों और सड़कों पर गश्त करेगी। किसी को जबरन दुकानें बंद नहीं कराने दी जाएंगी। डीएम शकुंतला गौतम और एसपी अभिषेक सिंह ने बताया कि जिला तीन जोन और दस सेक्टर में बांटा गया है। आरआरएफ भी तैनात है।
जिले में भाकियू समेत अन्य किसान संगठन और राजनीतिक दल चक्का जाम करेंगे। दिल्ली-सहारनपुर, बागपत-मेरठ, बड़ौत-मेरठ और बड़ौत-बुढ़ाना हाईवे जाम किए जाने की तैयारी है। व्यापारी संगठनों ने भी किसानों को समर्थन का एलान किया है।
यूपी-हरियाणा सीमा के निवाड़ा बॉर्डर, गाजियाबाद सीमा के डूंडाहेडा चेकपोस्ट, दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर खेड़की, कासिमपुर खेड़ी, कसबा दोघट, मेरठ मार्ग पर बरनावा, बागपत-मेरठ हाईवे पर मीतली, चमरावल, पाबला और अहेड़ा फाटक पर कार्यकर्ता चक्का जाम करेंगे। भाकियू ने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए हैं कि हाईवे और मुख्य मार्गों में ही धरना प्रदर्शन करें।
बरात नहीं, सिर्फ दूल्हा-दुल्हन की गाड़ी को छूट
बागपत। भाकियू जिलाध्यक्ष प्रताप गुर्जर ने बताया कि जाम के दौरान अगर शादी-विवाह के वाहन पहुंचते हैं तो दूल्हा और दुल्हन की गाड़ी को ही निकलने की छूट दी जाएगी। बरात के अन्य वाहनों को नहीं निकलने दिया जाएगा, कार्यकर्ता लोगों से भाईचारे से व्यवहार करें।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/