सरधना। सरूरपुर और सरधना थाना क्षेत्र में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन तोमर के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को तहसील में प्रदर्शन किया। सीओ आशुतोष कुमार को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने अपराधों के जल्द खुलासे और पुलिस द्वारा किए जा रहे कथित उत्पीड़न पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि मांगें नहीं मानी गईं तो वह सरूरपुर थाने में धरना-प्रदर्शन करेंगे।
संगठन के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि कस्बा हर्रा निवासी महराज से करीब दो महीने पूर्व सऊदी अरब भेजने के नाम पर ढाई लाख की ठगी की गई थी, लेकिन पुलिस ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की। सरूरपुर थाने के पुलिसकर्मियों पर लोगों से झूठे मुकदमे में फंसाने के नाम पर अवैध वसूली करने का भी आरोप लगाया। भाकियू तोमर ने बताया कि हाल ही में सरधना क्षेत्र के एक किसान का ट्रैक्टर चोरी हो गया, जिसकी रिपोर्ट थाने में दर्ज होने के बावजूद पुलिस अभी तक वाहन बरामद नहीं कर पाई है। सीओ को सौंपे गए ज्ञापन में संगठन ने स्पष्ट किया कि यदि जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो वह सरूरपुर थाने में धरने पर बैठने के लिए मजबूर होंगे। मंडल उपाध्यक्ष साजिद अल्वी, राशिद, वसीम, अनीस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।