दो अफसरों को बंधक बनाकर पीटा, सपा नेता सहित कई लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी के सहारनपुर में अंबाला रोड स्थित ढाबे पर जांच करने पहुंची खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम को बंधक बना लिया गया। दो खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के साथ मारपीट की गई। अन्य लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई। इस मामले में सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष मजाहिर मुखिया और उनके बेटे एवं दस अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
बता दें कि, मंगलवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के अभिहीत अधिकारी रणधीर सिंह के नेतृत्व में टीम ने समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष मजाहिर मुखिया के अंबाला रोड स्थित चीतल ढाबे पर छापा मारा। टीम ने खाद्य पदार्थों की जांच की और ढाबे का लाइसेंस मांगा तो हंगामा मच गया। आरोप है कि ढाबे पर मौजूद कर्मचारियों एवं ढाबा मालिक ने खाद्य सुरक्षा टीम को बंधक बना लिया और उन पर हमला कर दिया।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के अभिहीत अधिकारी रणधीर सिंह ने आरोप लगाया कि सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष मजाहिर मुखिया और उनके बेटे ने दस अन्य कर्मचारियों के साथ मिलकर उनके साथ मारपीट की। खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनोज कुमार एवं इंदल कुमार के साथ मारपीट की गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि उन्हें बंधक बनाकर सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष मजाहिर हसन, उसके बेटे और दस अन्य लोगों ने मारपीट की। उनके कपड़े फाड़ दिए। उनकी जेब में रखी नकदी छीन ली। उनके अभिलेख भी छीन लिए गए। 24 से 30 जून तक चल रहे चेकिंग अभियान के तहत वह कोल्डड्रिंक, दूध से बनी आइसक्रीम एवं अन्य खाद्य पदार्थों की जांच करने के लिए गए थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मजाहिर मुखिया समेत कई लोगों को हिरासत में लेकर कुतुबशेर थाना पहुंची। कुतुबशेर थाना पर काफी देर तक हंगामा होता रहा।
बिना पुलिस के ही छापेमारी करने गई थी टीम
सीओ प्रथम रजनीश उपाध्याय का कहना है कि खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम बिना पुलिस सुरक्षा के ही छापेमारी करने गई थी, जबकि छापेमारी के लिए संबंधित थाने के जीडी में एंट्री करके पुलिस को साथ ले जाना चाहिए था। इस मामले की जांच की जा रही है। ढाबे पर रेड डालकर वहां मौजूद कुछ कर्मचारियों को हिरासत में लिया गया है।
सीसीटीवी फुटेज से निकलवाई जा रही है जानकारी
एसपी सिटी विनीत भटनागर का कहना है कि ढाबे एवं आसपास की सीसीटीवी फुटेज निकलवाई जा रही है। जिससे मामले की सही जानकारी प्राप्त हो सके। सीओ प्रथम मामले की जांच कर रहे हैं। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
ढाबा संचालक ने टीम पर लगाया आरोप
मजाहिर हसन मुखिया के बेटे उस्मान ने पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) को पत्र देकर बताया कि कार सवार कुछ लोगों ने उनके ढाबे पर खाना खाया, जिन्होंने खुद को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम बताया। आरोप है कि खाने का बिल 840 रुपए अदा करने के लिए कहने पर गालीगलौज की गई और विरोध करने पर मारपीट की गई।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/