baghpat News: तीन चिकित्सक संभाल रहे छह अस्पतालों की जिम्मेदारी, दो आयुर्वेदिक अस्पताल, फार्मासिस्ट की भी कमी
उत्तर प्रदेश के बागपत जनपद में केवल दो चिकित्सक छह अस्पतालों की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। यहां दो आयुर्वेदिक अस्पताल, फार्मासिस्ट की भी कमी है। यही नहीं जिला मुख्यालय पर क्षेत्रीय अधिकारी चिकित्सक की जिम्मेदारी खुद संभाल रहीं हैं।
विस्तार
बागपत जिले के आयुर्वेदिक एवं यूनानी अस्पताल में चिकित्सकों की कमी है। अस्पताल में इलाज की जिम्मेदारी फार्मासिस्ट संभाल रहे हैं। दो अस्पताल में तो एक भी चिकित्सक नहीं है, जबकि तीन चिकित्सकों पर छह अस्पताल की जिम्मेदारी है। जिला मुख्यालय पर क्षेत्रीय अधिकारी खुद चिकित्सक की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। जिले में आठ आयुर्वेदिक एवं दो यूनानी अस्पताल हैं। इनमें बागपत जिला मुख्यालय के अलावा खेकड़ा, मलकपुर, पूरनपुर, अमीनगर सराय, ख्वाजा नंगला, बड़ौत, बिनौली में आयुर्वेदिक व असारा और औसिक्का गांव में यूनानी अस्पताल है।
जिले के आठ आयुर्वेदिक व दो यूनानी अस्पताल में एक-एक चिकित्सक और जिला स्तर पर दो चिकित्सक के पद हैं। इनके अलावा एक अस्पताल में एक फार्मासिस्ट का पद हैं। जिले के आठ आयुर्वेदिक अस्पताल में तीन चिकित्सक तैनात हैं, जबकि छह पद रिक्त चल रहे हैं। दस अस्पतालों में फार्मासिस्ट के दस पद है, इनमें से सिर्फ चार फार्मासिस्ट नियुक्त है और छह पद रिक्त हैं।
जिले के दोनों यूनानी अस्पताल में एक भी फार्मासिस्ट की नियुक्ति नहीं है। विभाग की ओर से अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीजों के लिए विभाग की ओर से तीन-तीन दिन के लिए चिकित्सकों को नियुक्त किया गया है, जबकि अन्य अस्पताल में फार्मासिस्ट ही लोगों की जांच कर दवाई दे रहे हैं।
यह भी पढ़ें: Encounter: मुठभेड़ में ताबड़तोड़ गोलियों से गूंजा पोहल्ली, 1060 दिनों में बदमाशों को सटीक निशाने पर लगी गोली
दो अस्पताल में नहीं एक भी चिकित्सक
मलकपुर और खेकड़ा में चार-चार बेड के आयुर्वेदिक अस्पताल है। दोनों अस्पताल में लगभग दो साल से एक भी चिकित्सक नहीं है। दोनों अस्पताल में फार्मासिस्ट ही लोगों की जांच कर दवाइयां उपलब्ध कराते हैं।
जिला मुख्यालय पर नहीं एक भी चिकित्सक
जिला मुख्यालय के आयुर्वेदिक अस्पताल में दो चिकित्सक के पद है, जबकि एक भी चिकित्सक तैनात नहीं है। मुख्यालय पर जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी क्षेत्रीय अधिकारी ही चिकित्सक की जिम्मेदारी संभाल रही है।
कई बार भेजी जा चुकी है मांग
विभाग की ओर से शासन को कई बार चिकित्सक व फार्मासिस्ट की तैनाती की मांग भेजी जा चुकी है। चिकित्सकों के अभाव में मलकपुर और खेकड़ा में फार्मासिस्ट ही लोगों का इलाज कर रहे हैं और जिला मुख्यालय की जिम्मेदारी वह खुद संभाल रही है। - डॉ. मोनिका गुप्ता, आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी