छत के रास्ते सर्राफ की दुकान में घुसे चोर, उड़ाई लाखों की नगदी आभूषण, पुलिस चौकी के निकट हुई वारदात
सहारनपुर में शुक्रवार देर दात चोरों ने सर्राफ की दुकान को निशाना बनाया। बदमाशों ने पुलिस चौकी से चंद कदम की दूरी पर चोरों ने छत के रास्ते दुकान में घुसकर वारदात को अंजाम दिया और लाखों की नगदी और जेवरात लेकर फरार हो गए। सुबह दुकान खोलने पर चोरी की वारदात की जानकारी हुई। वहीं इस घटना के बाद लोगों में दहशत बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार नगर कोतवाली के मोहल्ला नुमाइश कैंप निवासी सतीश लूथरा की नुमाइश कैंप चौकी के निकट ही सतयुग ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। सतीश लूथरा ने बताया कि रात को वह दुकान लगभग साढ़े आठ बजे बंद करके अपने घर गए थे।
यह भी पढ़ें: दिन को सुहाना, दिल को कर देंगी खुशगवार, इन तस्वीरों को देखकर आप भी कह उठेंगे 'शानदार'
सुबह जब साढ़े दस बजे उन्होंने दुकान का ताला खोला तो दुकान के अंदर सारा सामान बिखरा हुआ था। दुकान के दराज में रखी नगदी एवं लाखों रुपए के आभूषण नहीं थे। उन्होंने बताया कि रात में चोर छत पर बने एक कमरे के रास्ते दरवाजा तोड़कर दुकान में उतरे और नगदी और आभूषण चोरी कर लिया।
चोर दुकान में लगी सीसीटीवी डीवीआर भी निकाल कर ले गए। सूचना मिलते ही एसपी सिटी एवं सीओ द्वितीय मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक जांच टीम और डॉग स्क्वायड की टीम ने भी मौके पर पहुंच कर जांच की है।