आयुष्मान भारत योजना: मंडल में मेरठ अव्वल, दूसरे नंबर पर बुलंदशहर
आयुष्मान भारत योजना में मेरठ मंडल में मेरठ पहले स्थान पर रहा है। यहां ज्यादा मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मेरठ में 696 मरीज भर्ती कराए गए। दूसरे नंबर पर बुलंदशहर 691, तीसरे नंबर पर गाजियाबाद 446, चौथे पर गौतमबुद्धनगर 252, पांचवें पर बागपत 228 और छठवें पर हापुड़ है, जहां 88 मरीजों को भर्ती कराया जा चुका है। इनमें से अधिकांश को इलाज भी मिल चुका है।
हालांकि इसका दूसरा पहलू यह भी है कि आयुष्मान भारत के तहत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना को लागू हुए सवा तीन माह से ज्यादा का समय हो गया है। मेरठ में अभी भी सिर्फ 12 से 13 प्रतिशत मरीजों के ही इलाज का पैसा अस्पतालों को मिल पाया है।
आयुष्मान के तहत जिले में दो लाख पांच हजार 70 परिवार चिह्नित किए गए हैं। इनमें 83070 परिवार देहात और 1.22 लाख परिवार शहरी क्षेत्र के हैं। साल 2011 की आर्थिक गणना की सूची के आधार पर इसे तैयार किया गया है। इस योजना के तहत जांच और सर्जरी समेत पांच लाख रुपये तक की निशुल्क सुविधा उपलब्ध कराई जानी है।
यह गर्व की बात
यह स्वास्थ्य विभाग के लिए गर्व की बात है। मेरठ में आयुष्मान योजना की शुरुआत 23 सितंबर को हुई थी। इसमें अब तक सरकारी व निजी 34 अस्पताल शामिल हो चुके हैं। 1632 गोल्डन कार्ड बनाए जा चुके हैं।
-डॉ. पूजा शर्मा, एसीएमओ
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/