सहारनपुर में हरियाणा पुलिस पर हमला, ग्रामीणों ने मारपीट कर आरोपी जुबेर को छुड़ाया और...
हरियाणा पुलिस ने सहारनपुर के गांव कोटड़ा में दबिश देकर मुठभेड़ के मामले में फरार आरोपी जुबेर को दबोच लिया। इस दौरान भीड़ ने पुलिस पर हमला कर दिया। महिलाओं और पुरुषों ने पुलिसकर्मियों से मारपीट की और आरोपी को छुड़ा लिया। बाद में आरोपियों ने गांव में ही रहने वाले एक बीएलओ को मुखबिरी के शक में घर में घुसकर पीटा। मामले में सात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
गंगोह कोतवाली क्षेत्र के गांव कोटड़ा निवासी जुबेर के खिलाफ हरियाणा के पानीपत में 2017 में मुठभेड़ का केस दर्ज हुआ, जिसमें वह फरार चल रहा है। सटीक सूचना मिलने पर शनिवार शाम हरियाणा पुलिस टीम कोटड़ा गांव पहुंची और आरोपी जुबेर को पकड़ लिया। पुलिस जैसे ही उसे कार में बैठाने वाली थी, तभी ग्रामीण इकट्ठा हो गए और पुलिस पर हमला कर दिया।
आरोप है कि इसके बाद देर रात जुबेर पक्ष के लोगों ने गांव कोटड़ा निवासी बीएलओ खुर्शीद के घर पर धावा बोल दिया। पुलिस की मुखबिरी का शक जताते मारपीट कर दी। इसके अलावा मकान में रखे कागजात भी फाड़ डाले। पीड़ित खुर्शीद ने रात में ही पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसका मेडिकल कराया।
यह भी पढ़ें: यूपी: दिन निकलते ही बड़ी वारदात, सीमेंट व्यापारी की हत्या के बाद... अफसरों में मचा हड़कंप
कोतवाली प्रभारी यज्ञदत्त शर्मा ने बताया कि हरियाणा पुलिस आरोपी जुबेर पुत्र जिंदा को पकड़ने आई थी। ग्रामीणों ने आरोपी को छुड़ा लिया। बीएलओ की भी आरोपियों ने पिटाई की। बीएलओ खुर्शीद की तहरीर पर आरोपी जुबेर, नवाब, मान, राशिद, नावेद, उमेर और उबेद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
उन्होंने बताया कि आरोपी जुबेर के खिलाफ गंगोह और नकुड़ थाने में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। हरियाणा पुलिस से आरोपी को छुड़ाने के मामले का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। यह वीडियो मकान की छत से किसी युवक ने बनाया है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/