अमर उजाला फाउंडेशन: वाद-विवाद प्रतियोगिता में शाश्वत ने मारी बाजी, जीता पांच हजार का इनाम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अमर उजाला फाउंडेशन की तरफ से श्री मुरारीलाल माहेश्वरी स्मृति राष्ट्रीय वाद-विवाद प्रतियोगिता का जिला स्तरीय आयोजन सहारनपुर के जेवी जैन कॉलेज में किया गया। जनपद के विभिन्न महाविद्यालयों से पंजीकृत 30 छात्र- छात्राओं ने प्रतिभाग किया। शाश्वत वत्स ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। पहला, दूसरा और तीसरा स्थान हासिल करने वालों को सांत्वना पुरस्कार दिए गए।
मंगलवार को जेवी जैन कॉलेज में हुई प्रतियोगिता का शुभारंभ डॉक्टर पीके शर्मा, डॉक्टर एके डिमरी, डॉक्टर हरिओम गुप्ता, राजकीय मॉडल महाविद्यालय कपूरी के प्राचार्य डॉक्टर विपिन गिरि और डॉक्टर शशि नौटियाल ने मां सरस्वती की मूर्ति के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मुख्य अतिथि सिटी मजिस्ट्रेट डॉक्टर पंकज कुमार वर्मा रहे।
इस दौरान ज्यादातर प्रतिभागियों ने देश हित में एक देश-एक चुनाव और सोशल मीडिया पर प्रतिबंध देश हित में जरूरी है विषयों पर अपनी बात रखी। सोशल मीडिया पर प्रतिबंध के विपक्ष में कहा गया कि सोशल मीडिया जन सूचना का बड़ा माध्यम है, इंटरनेट और सोशल मीडिया आम आदमी के जीवन की बुनियादी जरूरत बन चुका है। उधर, प्रतिबंध लगने के पक्ष में सोशल मीडिया को फर्जी चीजें परोसने और अश्लीलता और अफवाहें फैलाने वाला बताया। सोशल मीडिया की वजह से लोगों के बीच तनाव बढ़ रहे हैं। जाति और धर्म के आधार पर ग्रुप बनाकर एक दूसरे के खिलाफ जहर उगला जा रहा है।
वहीं, देश हित में एक देश-एक चुनाव विषय के पक्ष में बोलने वालों ने इसे चुनाव पर होने वाले खर्च में कमी लाने वाला बताया। किसी न किसी राज्य में हर वर्ष चुनाव होने की वजह से बार-बार आचार संहिता लगती है, जिससे विकास कार्य रुक जाते हैं। साथ ही सरकार में स्थिरता आएगी। विपक्ष में तर्क दिए गए कि विधानसभा और लोकसभा चुनाव एक साथ होने से क्षेत्रीय पार्टियों को नुकसान होगा। क्षेत्रीय मुद्दे गौण हो जाएंगे, सिर्फ राष्ट्रीय मुद्दों पर लोग वोट करेंगे, जिससे बड़ी पार्टियों को लाभ होगा। क्षेत्रवाद ने भारतीय संघवाद को कमजोर किया है विषय के पक्ष और विपक्ष में भी प्रतिभागियों ने अपनी बात तर्कपूर्ण तरीके से रखी। मीडिया स्वतंत्र होने के बजाय राजनीति से प्रेरित है और राजनीतिज्ञों के लिए आयु सीमा होनी चाहिए विषयों को किसी ने नहीं छुआ। निर्णायक मंडल में महाराज सिंह कॉलेज के प्राचार्य डॉक्टर एके डिमरी, जेवी जैन कॉलेज के डॉक्टर हरिओम गुप्ता और पर्यावरणविद् डॉक्टर पीके शर्मा शामिल रहे। इस मौके पर राजकीय मॉडल महाविद्यालय कपूरी के प्राचार्य डॉक्टर विपिन गिरि, डॉक्टर शशि नौटियाल, डॉक्टर श्वेता बंसल आदि मौजूद रहीं।
इन्होंने किया प्रतिभाग
प्रतियोगिता में कुल 30 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। इनमें शिवानी सैनी, साक्षी सिंघल, नियाज हुसैन, मो. असमार, मो. शादाब, सृष्टि गुप्ता, मो. मुजम्मिल, सलोनी गुप्ता, चांदनी, शीतल सैनी, काजल शाक्य, अक्षिता शर्मा, मांगेराम, प्राची, रेनु, आकांक्षा दोहरे, ज्योति, सपना, आंचल, अंकित कुमार, फरहीन, दीक्षा, मुमताज खान, आदित्य, रिचा शर्मा, नंदिनी धीमान, शाश्वत वत्स, राघव कौशिक, जितेंद्र कुमार और दीशु देवी शामिल रहीं।
विजेताओं की बात
-- प्रतियोगिता में सबसे अधिक 72 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल कर पांच हजार रुपये का इनाम पाने वाले जेवी जैन कॉलेज के एमए इतिहास के छात्र शाश्वत वत्स ने अमर उजाला को धन्यवाद किया। उनका कहना था कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों को बेहतर प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराते हैं, जिनमें उन्हें अपनी क्षमता दिखाने का मौका मिलता है।
-- 67 अंकों के साथ दूसरा स्थान पर रही राजकीय महाविद्यालय देवबंद की छात्रा प्राची को तीन हजार रुपये का चेक मिला। इनाम पाकर प्राची खुश नजर आई। उन्होंने भी आयोजन की सराहना की और अमर उजाला को धन्यवाद किया।
-- जेवी जैन कॉलेज की छात्रा दीशु देवी को 66 अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल दो हजार रुपये का चेक मिला और प्रमाण पत्र प्रदान किया। दीशु का कहना था कि ऐसे आयोजन होते रहने चाहिए। प्रतिभाग करने से समझ बढ़ती है और छात्रों के मन से संकोच दूर होता है।
-- 65 अंकों के साथ सांत्वना पुरस्कार पाने वाले रामदूत कॉलेज ऑफ एजूकेशन रणदेवी नकुड़ के छात्र मो. असमार को एक हजार रुपये का चेक और प्रमाण पत्र मिला। उनका कहना है कि प्रतियोगिता के माध्यम से अपनी बात रखने का मौका मिला, अतिथियों की बातें सुनकर सीख भी मिली।
-- 65 अंकों के साथ सांत्वना पुरस्कार पाने वाली मुन्नालाल जयनारायण खेमका गर्ल्स कॉलेज की छात्रा साक्षी सिंघल को एक हजार रुपये का चेक और प्रमाण पत्र मिला। साक्षी ने कहा कि अपने विचारों को मंच पर रखने का मौका मिला और इनाम पाकर बेहद खुशी हुई।
प्राची और फरहीन ने गाई सरस्वती वंदना
प्रतियोगिता के शुभारंभ में राजकीय महाविद्यालय देवबंद से आई छात्रा प्राची और फरहीन ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। सुंदर आवाज के साथ जब उन्होंने सरस्वती वंदना सुनाई तो कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर से उनका उत्साहवर्धन किया।
अतिथियों की बात
- अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से वाद-विवाद प्रतियोगिता कराया जाना अच्छा प्रयास है। प्रतिभागियों को सुनकर मुझे भविष्य के कई नेता, कई आईएएस और कई वैज्ञानिक नजर आए हैं। युवाओं को चाहिए कि वह अपना लक्ष्य निर्धारित कर उसको हासिल करने में जुट जाएं। आज के कार्यों को कल पर नहीं छोड़ें। खास बात लक्ष्य हमेशा बड़ा रखें। - डॉक्टर पंकज कुमार वर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट।
- अमर उजाला परिवार ने वाद-विवाद प्रतियोगिता में निर्णायक रहकर मुझे अच्छा लगा। अच्छा लगने की वजह यह है कि मुझे आज के युवाओं की सोच और उनके ज्ञान के स्तर का आंकलन करना था। वास्तव में सभी प्रतिभागी एक से बढ़कर एक थे। युवाओं को चाहिए कि वह ऐसी प्रतियोगिताओं में जरूर प्रतिभाग करें। -- डॉक्टर पीके शर्मा, निर्णायक एवं पर्यावरणविद।
-- वाद विवाद प्रतियोगिता कराने का प्रयास सराहनीय है। निश्चित ही ऐसे आयोजनों में प्रतिभाग कर विद्यार्थियों की समझ बढ़ती है और जब समझ बढ़ने के साथ इनाम भी मिलें तो और मजा आता है। जिन्हें पुरस्कार मिला उन्हें बधाई। जिन्हें नहीं मिला उन्हें भी बधाई, क्योंकि हार जीत अपनी जगह है, मगर मंच पर आकर बोलना हर किसी के बस की बात नहीं। -- डॉक्टर एके डिमरी, निर्णायक एवं प्राचार्य महाराज सिंह कॉलेज।
-- प्रतियोगिता का हिस्सा बनकर मुझे अच्छा लगा है। प्रतियोगिता को लेकर प्रतिभागियों का उत्साह साफ नजर आ रहा था। ज्यादातर ने तर्कसंगत और विषय से जुड़कर अपनी बात को रखा। ऐसे में हमें निर्णय देने में मुश्किल हुई। ऐसे आयोजन भविष्य में भी होने चाहिए। -- डॉक्टर हरिओम गुप्ता, निर्णायक।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/