भीम आर्मी के 'जेल भरो आंदोलन' को लेकर अलर्ट, सहारनपुर में भारी पुलिसफोर्स तैनात
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भीम आर्मी की तरफ से मंगलवार को जेल भरो आंदोलन के एलान को लेकर जिले भर में अलर्ट जारी कर दिया गया है। सभी थानाध्यक्षों को उनके क्षेत्रों से आने वाले आंदोलनकारियों पर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
खुफिया विभाग को भी अलर्ट कर दिया गया है। चार कंपनी पीएसी और दो कंपनी आरएएफ और दो कंपनी आरआरएफ की लगाई गई है। लगभग 800 पुलिसकर्मियों को लगाया गया है। जगह-जगह बेरिकेडिंग भी रहेगी।
देहात कोतवाली के ग्राम घुन्ना एवं नाजिरपुरा में हुए बवाल एवं पथराव के मामले में सात सौ लोगों पर रिपोर्ट दर्ज किए जाने के विरोध में भीम आर्मी ने मंगलवार को जेल भरो आंदोलन का एलान किया है। भीम आर्मी के आंदोलन को लेकर जिले भर में अलर्ट जारी कर दिया गया है। गांवों से आने वाले लोगों की निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।
छह स्थानों पर बेरिकेडिंग, 40 स्थानों पर पुलिसकर्मी तैनात
एसपी सिटी विनीत भटनागर ने बताया कि छह स्थानों पर बेरिकेडिंग लगाई गईं है। यह बेरिकेडिंग मल्हीपुर रोड, दिल्ली रोड, जनता रोड, चिलकाना रोड, बेहट रोड एवं देवबंद रोड पर लगाई गई है। इसके अलावा 40 स्थानों पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है जो आंदोलन में आने वालों पर नजर रखेंगे।
यह भी पढ़ें: बवाल की 12 तस्वीरें... फिर जलने से बचा सहारनपुर, पुलिस पर जमकर पथराव, सीओ समेत कई घायल
ग्राम रामनगर में पैदल मार्च
भीम आर्मी के जेल भरो आंदोलन की चेतावनी के चलते पुलिस एवं पीएसी ने ग्राम रामनगर, मल्हीपुर में पैदल मार्च किया। अधिकारी एवं पुलिस बल गांव की गलियों से होकर गुजरा। साथ ही मल्हीपुर रोड पर भी फ्लैगमार्च किया।
कलक्ट्रेट से हजारों लोग देंगे गिरफ्तारी : प्रवीण गौतम
भीम आर्मी के जिला प्रभारी प्रवीण गौतम का कहना है कि जिन सात सौ लोगों को नामजद किया गया है, उनके परिजन और भीम आर्मी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता समेत हजारों लोग गिरफ्तारी देने के लिए मंगलवार को कलक्ट्रेट पहुंचेंगे। वहां अपना मांगपत्र सौंपा जाएगा और वहीं से गिरफ्तारी दी जाएगी।
पुलिस लाइन को बनाया गया अस्थायी जेल
एसएसपी दिनेश कुमार ने बताया कि भीम आर्मी के जेल भरो आंदोलन को लेकर पूरी व्यवस्था कर ली गई है। आंदोलन में शामिल लोग गिरफ्तारी देंगे तो उनके लिए पुलिस लाइन में अस्थायी जेल बनाई गई हैं, जहां गिरफ्तारी देने वाले लोगों को रखा जाएगा। शांति व्यवस्था बिगड़ने न पाए, इसके लिए कड़े इंतजाम किए गए हैं। अव्यवस्था फैलाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/