UP: मेरठ में अखिलेश यादव बोले- डरी है भाजपा, दो सीएम को जेल भेजा, जयंत पर कसा तंज, उठाए कई मुद्दे
समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव शनिवार को बहसूमा थाना क्षेत्र के गांव हंसापुर में पूर्व आईआरएस आदर्श कुमार के आवास पर पहुंचे। यहां उन्होंने लोकसभा चुनाव के कई मुद्दो पर पत्रकारों से बात की।
विस्तार
मेरठ के मवाना में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि कभी समुंद्र मंथन हुआ था। इस बार संविधान मंथन है। यह चुनाव संविधान को बचाने का चुनाव है। 400 पार की बात करने वाली भाजपा डरी हुई है। इसी कारण दो-दो मुख्यमंत्रियों को जेल भेजा जा रहा है। उन्होंने दावा किया इंडिया गठबंधन प्रदेश में 79 सीट जीत रहा है।
अखिलेश यादव बहसूमा थाना क्षेत्र के गांव हंसापुर में पूर्व आईआरएस आदर्श कुमार के आवास पर आए थे। आदर्श कुमार ने हाल ही में भाजपा छोड़कर सपा का दामन थामा है। मीडियाकर्मियों से बातचीत में अखिलेश यादव ने कहा कि जिन कंपनियों ने इलेक्टोरल बांड के माध्यम से चंदा दिया है, वहीं कंपनियां ज्यादा मुनाफा कमा रही हैं, जिस कारण देश में महंगाई है।
यह भी पढ़ें: Chunav 2024: अखिलेश यादव ने मीरापुर में की जनसभा, बोले- संविधान मंथन में एक तरफ रक्षक और दूसरी तरफ भक्षक
उन्होंने कहा है कि खुशी है कि क्षत्रिय समाज अपने सम्मान के लिए आगे आया है। गुजरात और राजस्थान में तो पहले से आंदोलन चल रहा था। अब पश्चिम में हवा चलनी शुरू हुई है, जो पूरब तक जाएगी। अब पुलिस पुलिस का उत्पीड़न कर रही है। बार-बार प्रत्याशी बदलने के सवाल पर कहा कि बेहतर प्रत्याशी और पार्टी नेताओं के सुझाव पर ऐसा किया गया।
अखिलेश यादव ने कहा कि विपक्षी तो केसरगंज में अभी तक अपना प्रत्याशी तक घोषित नहीं कर सके हैं। सपा ने सबसे पहले प्रत्याशी घोषित किए। उन्होंने कहा कि पहले ईवीएम से हराया जाएगा, फिर ईवीएम को हटाया जाएगा। जर्मनी जैसा देश भी ईवीएम से चुनाव नहीं कराता है। संविधान में सीक्रेट बैलेट का अधिकार है।
80 प्रतिशत युवाओं को रोजगार नहीं, कहीं श्रीलंका जैसा माहौल न बन जाए
80 प्रतिशत युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है। कहीं ऐसा न हो श्रीलंका जैसा माहौल बन जाए। इस दौरान जिला अध्यक्ष विपिन चौधरी, सरधना विधायक अतुल प्रधान, कुंवर देवेंद्र सिंह, पूर्व मंत्री प्रभुदयाल वाल्मीकि, निर्मित यादव, कृष्णपाल यादव और युसूफ कुरैशी आदि रहे।
नहीं उड़ा हेलिकॉप्टर, सड़क मार्ग से गए अखिलेश
मीरापुर में पार्टी प्रत्याशी की सभा करने के बाद पूर्व सीएम अखिलेश यादव हेलिकॉप्टर से बहसूमा में नवजीवन किसान इंटर कालेज के मैदान में उतरे। कार से हंसापुर पहुंचे। लगभग ढाई घंटे तक पूर्व आईआरएस आदर्श कुमार के आवास पर रुके। भोजन किया। मौसम खराब होने के कारण हेलिकॉप्टर शाम को नहीं उड़ सका तो अखिलेश सड़क मार्ग से कार से बहसूमा बाईपास होते हुए दिल्ली के लिए रवाना हुए। इससे पहले अखिलेश के साथ फोटो खिंचवाने के लिए कार्यकर्ताओं में धक्का मुक्की भी हुई। कई को सुरक्षा बलों ने हटाया।