अजीत सिंह ने भाजपा पर बोला तीखा हमला, सपा, बसपा और कांग्रेस पर चुप्पी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मेरठ में जन संवाद कार्यक्रम में रालोद प्रमुख चौधरी अजित सिंह ने जिस तरह से भाजपा पर तीखा हमला बोला और सपा-बसपा के साथ ही कांग्रेस पर पूरी तरह नरमी बरती, इससे उन्होंने कार्यकर्ताओं को गठबंधन के साथ रहने के संकेत दे दिए। अजित सिंह ने कार्यकर्ताओं में जोश भरने के लिए जहां हिंदू-मुसलमानों की एकता के साथ ही मुजफ्फरनगर में जाट-मुसलमानों के आपसी भाईचारे की याद दिलाई, वहीं देश हित में पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के बताए रास्तों पर चलने की अपील भी की।
अजीत सिंह ने अपने पूरे भाषण में भाजपा को ही निशाना बनाया। देश और प्रदेश की सरकार को सभी मोर्चे पर फेल होने के साथ ही देश की सांप्रदायिक पार्टी होने का तमगा दिया। सिंह ने कार्यक्रम में जुटी मुसलिमों की भीड़ को देखते हुए मुजफ्फरनगर दंगे का जिक्र छेड़ा। कहा कि मुजफ्फरनगर में उस समय भी दंगा नहीं हुआ जब विभाजन की आग में ये देश जल रहा था। लेकिन भाजपा ने सत्ता पाने के लिए यहां के भाईचारे और आपसी ताने-बाने को तहस नहस करा दिया।
चौधरी अजित सिंह ने कहा कि देश व समाज के विकास के लिए पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह का किसान-मुसलमान फार्मूला फिर से अपनाना होगा। अगर ये दोनों एक हो जाएं तो भाजपा की सांसे उखड़ जाएंगी।
पढ़ें : चौ. अजीत सिंह बोले- लोगों को लड़ाकर सत्ता हथिया रही भाजपा, चुनावी वादे नहीं किए पूरे
अजीत सिंह ने कहा कि सत्ता की ललक में किसानों को बिरादरियों में बांटा जा रहा है। चुनाव से पहले सभी किसान होते हैं और उनकी समस्याएं भी एक होती हैं। लेकिन जैसे ही चुनाव आते हैं तो किसान जातियों में बंट जाता है। कोई पार्टी विशेष के साथ चला जाता है तो कोई जाति के प्रत्याशी के साथ। किसानों की इस फूट का फायदा सरकारें उठा रही हैं।
प्रतिनिधिमंडलों से बंद कमरे में की मुलाकात
जन संवाद के लिए चौधरी अजित सिंह ने जातीय, शैक्षिक व सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधिमंडलों से न केवल बंद कमरे में मुलाकात की बल्कि उनके साथ अपने खट्टी मीठे अनुभव भी साझा किए। दो दिवसीय दौरे के पहले दिन रविवार को सर्किट हाउस में चौधरी अजित सिंह का दरबार लगा। इसमें पहले से ही तय किए गए नेता अपने-अपने समाज के लोगों के प्रतिनिधिमंडल को लेकर पहुंचे। एक के बाद एक प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात चौधरी अजित सिंह से कराई गई। इस कड़ी में मुसलिम समाज के साथ ही अति पिछड़ा वर्ग, किसान और शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/