लावड़। कस्बे में रक्षाबंधन पर्व पर लगने वाले मेले को लेकर ठेका छोड़ा जा चुका है, लेकिन बिना ठेका लिए दो व्यक्तियों पर प्राइवेट संपत्ति को ठेके पर लेकर नगर पंचायत की अनुमति के बिना झूला लगाने के आरोप लग रहे हैं। सोमवार को इस मामले में चेयरपर्सन हज्जन आफताब ने सभासदों के साथ बैठक कर इंचौली थाना प्रभारी को शिकायत पत्र देने की बात कही।
हज्जन आफताब ने शिकायत पत्र में कहा कि मेला हिंदू-मुस्लिम एकता का प्रतीक है और जाहरवीर गोगा मंदिर पर छड़ी चढ़ाकर मेले का शुभारंभ किया जाता है। बताया कि हाल ही में मेले के लिए भूमि का 22 लाख 20 हजार रुपये में आरिफ उर्फ बाबू रिजवी को ठेका छोड़ा गया है। आरोप है कि दो व्यक्ति प्राइवेट संपत्ति का ठेका लेकर वहां झूला व अन्य दुकान लगाने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि नगर पंचायत से उक्त व्यक्तियों ने कोई अनुमति नहीं ली। इस संपत्ति के ऊपर से हाईटेंशन लाइन गुजर रही है, जिससे जान का खतरा भी हो सकता है। सभासद आरिफ फैजी, अंकित शर्मा, अयाज अहमद, मंजू देवी, रहीसा, राजेश देवी, मोहम्मद आसिफ, मनोज गोयल आदि ने शिकायत पर हस्ताक्षर किए।