फलावदा(मेरठ)। पशुओं पर हमला कर घायल कर रहे जंगली जानवर को पकड़ने के लिए वन विभाग की टीम ने मंगलवार को जाल और पिंजारा लगाया। वहीं, टीमें बनाकर तलाशी अभियान भी चलाया।
क्षेत्र के गांव गुड़म्ब, बातनौर के जंगल में जंगली जानवर ने एक दर्जन से अधिक पशुओं को हमला कर घायल कर दिया है। जिसमें से कुछ की मौत भी हो चुकी है। आए दिन हो रही घटनाओं को लेकर क्षेत्र के लोगों में दहशत है। वन विभाग अधिकारी नवरत्न सिंह, डिप्टी रेंजर हरनारायण सिंह, डिप्टी रेंजर विनोद कुमार ने तीन टीमें बनाकर रात के समय जंगल में जानवर की तलाश की। वहीं, उसे पकड़ने के लिए जाल एवं पिंजरा भी लगाया। परंतु पूरी रात व दिन में कोई जानवर पिंजरे तक नहीं पहुंचा। गांव के सुभाष प्रधान, अरुण गुर्जर, राजेंद्र सिंह, सेठ पाल, वेदप्रकाश आदि ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुआ जैसा जंगली जानवर जंगल पनाह लिए हुए है। जानवर को लेकर ग्रामीणों में दहशत बनी है। लोग खेतों पर जाने से भी कतरा रहे हैं। सुरक्षा के लिहाज से ग्रामीण रातभर गांव में पहरा दे रहे हैं। क्षेत्रीय वन विभाग अधिकारी नवरत्न सिंह के मुताबिक जंगली जानवर को पकड़ने के लिए टीमें लगाई गई, जानवर दिखाई नहीं दिया है। वहीं, पिंजरा भी लगाया गया है।