माछरा। सहकारी गन्ना विकास समिति मेरठ में समिति चेयरमैन वीरेंद्र भाटी एवं सचिव मुकेश कुमार पाण्डेय की उपस्थिति में बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें 15 से 25 सितंबर तक चल रहे सट्टा प्रदर्शन मेले की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। चेयरमैन ने किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर दिया।
शुक्रवार को सहकारी गन्ना विकास समिति पर चल रहे सट्टा प्रदर्शन मेले के चौथे दिन बड़ी संख्या में किसान अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। किसानों की ओर से कुल 91 आपत्तियां दर्ज हुई, जिसमें समिति अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए 44 आपत्तियों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया। शेष आपत्तियों को भी प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए जल्द समाधान करने का आश्वासन किसानों को दिया। समिति परिसर में आयोजित बैठक में अधिकारियों ने कहा कि सट्टा प्रदर्शन मेले के माध्यम से किसानों को अपने गन्ना सट्टे से संबंधित विवरण की जांच करने और उसमें किसी भी प्रकार की त्रुटि होने पर आपत्ति दर्ज कराने का अवसर मिल रहा है। किसानों की ओर से दर्ज आपत्तियों की जांच कर नियमानुसार उनका समाधान किया जा रहा है। इस दौरान गन्ना निदेशक राहुल विकल, नितिन भड़ाना, सुखपाल नागर, जिले सिंह, तेग सिंह, राहुल भाटी तथा समिति कर्मचारी अतुल त्यागी, कृष्णपाल, नीरज सहित किसान समिति परिसर में उपस्थित रहे।