भरी मीटिंग में फूट पड़ा माया का गुस्सा
लखनऊ की बैठक में बसपा प्रत्याशी रहे कादिर राना पर बसपा सुप्रीमो मायावती के भड़कने पर जिले की सियासत में हलचल मच गई।
कादिर की हार के लिए मायावती ने दलितों के अपमान को जिम्मेदार ठहराया। माया ने उन्हें भविष्य में चुनाव लड़ाने से भी इंकार कर दिया।
खालापार की सभा से चर्चाओं में आए कादिर राना पर बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती का गुस्सा मंगलवार को फूट पड़ा।
माया के हड़काने से हड़कंप
सूत्रों के मुताबिक मायावती ने कादिर राना सहित चार प्रत्याशियों का नाम लेकर कहा कि उन्होंने दलितों का अपमान किया है। कार्यकर्ताओं के साथ दुर्व्यवहार हुआ है, इसको लेकर दलितों में काफी गुस्सा है। ऐसे लोगों की वजह से दूसरी सीटों पर भी नुकसान हुआ।
उन्होंने कहा कि कादिर राना जैसे नेताओं को अब लोकसभा और विधानसभा में प्रत्याशी नहीं बनाया जाएगा। माया के हड़काने की खबर जैसे ही बाहर निकली मुजफ्फरनगर जिले के सियासत में हलचल मच गई। दूसरी पार्टियों में भी यह मामला चर्चा का मुद्दा बना रहा।
कादिर राना के पीए मुस्तकीम का इस घटना को लेकर कहना है कि हार के कारण बहनजी गुस्से में थीं। मामला इतना बड़ा नहीं है, जितना लोगों ने बना दिया है।