मधुबन। तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा दरगाह स्थित मीरा शाह बाबा के मजार पर बृहस्पतिवार को उर्स का आयोजन हुआ। आस्ताने पर जायरीन जुटे। चादरपोशी की और मेले का लुत्फ उठाया। इस दौरान मौसम में कुुछ तब्दीली होने से लोगों को तीखी धूप से राहत मिली। पहले मेले में जायरीन सुबह से ही पहुंचने लगे थे। बड़ी संख्या में हिन्दू-मुस्लिम दोनों समुदाय के लोगों ने बाबा की मजार पर मत्था टेका और सुख समृद्धि की कामना की। वहीं कई लोगों ने अपनी मनोकामना पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मीरा शाह बाबा के मजार पर चादरपोशी की। मजार परिसर के बाहर दर्जनों दुकानें सजी रही। जहां महिलाओं एवं बच्चों ने खरीदारी की। छोटे-छोटे बच्चों ने झूला का आनंद भी उठाया। मेला कमेटी के अध्यक्ष सैयद शबी अहमद ने बताया कि उर्स पर सुबह कुरानख्वानी के बाद चादरपोशी की गई। जायरीन ने फातिहा पढ़ी और मन्नतें मांगी। मेले में ग्राम प्रधान लक्ष्मण वर्मा, सुजीत गुप्त, सोनू खान, लियाकत अली, राजेश राय, नींबू लाल विश्वकर्मा, अशरफ अली, गुड्डू हाश्मी ने जायरीन की खिदमत की।

दरगाह स्थित मीरा शाह बाबा की मजार पर लगा मेला।संवाद- फोटो : MAU