मधुबन। तहसील क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में पिछले दिनों हुई बारिश और अब लगातार खराब मौसम के चलते जमीन में अधिक नमी होने से गेहूं की फसल पीली पड़ गई है। इससे फसलों का बढ़ना रुक गया है। किसान कृषि विशेषज्ञों से संपर्क कर फसल को सुरक्षित करने के लिए सुझाव ले रहे हैं। क्षेत्र के चौहानपुर निवासी किसान राम नयन यादव ने बताया कि चार एकड़ फसल पीली पड़ गई है एवं पत्तियां मुरझा गई हैं। जबकि तीन बार यूरिया सल्फर और जाइम का छिड़काव किया गया। बावजूद न तो पीलापन खत्म हुअरा और न ही फसल में वृद्धि हो रही है। कुंवरपुरवा के रंजन सिंह, बरोहा के प्रकाश शर्मा, मनीष सिंह, परसिया निवासी कन्हैया यादव, मित्तूपुर के मोहम्मद सुल्तान, तिघरा के अतुल सिंह किसानों का कहना है कि गेहूं की फसल के पत्ते पीले हो गए हैं। जैसा चाहिए वैसा फसल का विकास नहीं हो रहा है। राजकीय कृषि बीज भंडार मधुबन एडीओ एजी राकेश पांडेय ने बताया कि गेहूं की फसल पीली होने के तीन कारण हो सकते हैं। खेतों में पानी जमा होना, लगातार मौसम खराब होना और रोग लगना। यदि पानी लगने व मौसम खराब होने से फसल पीली हुई है तो धूप खिलने पर खेतों में यूरिया खाद का छिड़काव करने से फसल को ठीक किया जा सकता है। यदि रोग लगा होगा तो कीटनाशक दवाइयों, यूरिया व जिंक सल्फेट का छिड़काव करना पड़ेगा।