सूरजपुर/ कुसुम्हां । दोहरीघाट थाना क्षेत्र के दो स्थानों पर सोमवार की दोपहर में आात कारणों से लगी आग ने भारी तबाही मचाई। इस आगलगी में दर्जन भर गांवों के सैकड़ों किसानों की फसल जलकर नष्ट हो गई। कई बकरियां जल मरीं। थाना क्षेत्र के पतनई गांव में सोमवार को अज्ञात कारणों से सड़ासो, तहिरापुर, बीबीपुर उसरा, गौरीडीह बेलौली सोनबरसा, डुहिया डिलिया सहित दर्जन भर गांवों के सैकडों किसानों की घाघरा नदी के दक्षिण तटवर्तीय क्षेत्रों के खेतों में गेहूँ की फसल में आग लग गई। इस आगलगी में किसानों की गेहूं की खड़ी फसल तो कुछ किसानों का मड़ाई के लिए रखा गया गेहूँ का हजारों बोझ व भूसा जलकर राख हो गया। दोहरीघाट थाना क्षेत्र की पतनई गांव में सोमवार को लगभग 12 बजे दिन में अज्ञात कारणों से आग लग गई। वही मधुबन तहसील व थाना दोहरीघाट क्षेत्र क्षेत्र के बेलौली सोनबरसा ग्राम सभा के बड़की बारी पूर्वा निवासी हंसा पुत्र सरयू का लगभग 220 बोझ,कमला पुत्र हसाई को 240 , बोझ ,देवेंद्र का 80 बोझ ,जितेन्द्र कापचासी बोझ, रामा का 150 बोझ, मुंशी यादव का 200 बोझ सहित गांव के कई किसानों हजारों बोझ गेहूं की फसल और भूसा जलकर नष्ट हो गया।वहीं बेलौली सोनबरसा ग्राम के बड़कीबारी निवासी सुब्बा के ट्यूबवेल पर रखी मड़ई भी जल कर राख हो गई।नदी के तटवर्तीय गांव के लोगों ने अपना ट्यूबवेल चालू करके मड़ई के घरों व खेतों में पानी का छिड़काव कर आग पर काबू पाने का प्रयास करने लगे। तेज पछुवा हवा के चलते आग और उग्र होती जा रही थी। तेज हवा के चलते आग की लपटें नदी के तटवर्तीय इलाकों से होते हुए रसूलपुर स्टेट स्थित बबुआ जी के कोठी के पास नदी के किनारे पहुंच गई।घटना की सूचना मिलते ही घटना स्थल पर थानाध्यक्ष दोहरीघाट मनोज कुमार सिंह,चौकी इंचार्ज रसूलपुर राजेन्द्र कुमार, फायर ब्रिगेड रामनयन प्रसाद, रमाशंकर शर्मा व राजस्व निरीक्षक विवेक राय सहित क्षेत्र की ग्रामीण जनता मौजूद रही।दोहरीघाट थाना क्षेत्र के बुढ़ावल ग्राम सभा में सोमवार की दोपहर एक बजे अज्ञात कारणों से लगी आग से दर्जन भर मड़इयों सहित पांच बीघा गेंहू जलकर राख हो गया।किसानों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी,लेकिन अग्निशमन दल काफी देर से पहुंचा।तब तक किसानों फसल राख के ढेर में तब्दील हो गई थी। अग्निशमन दल ने राख के नीचे सुलग रही आग पर पानी का छिड़काव किया। राजस्व विभाग का कोई सक्षम अधिकारी-कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा।लापरवाही को लेकर किसानों में नाराजगी दिखी। दोपहर एक बजे बुढ़ावल गांव के सीवान में अज्ञात कारणों से आग लग गई।देखते ही देखते आग ने विकराल रुप धारण कर लिया।ग्रामीणों ने किसी तरह आग को बुझाया।लेकिन तब तक राजेन्द्र यादव की मड़ई व खपरैल का मकान,रामअशीष यादव की मड़ई तथा एक बकरी,श्रीराम यादव की मड़ई और बकरी,रामचन्द्र यादव की मड़ई तथा पम्पसेट,पुनवासी की मड़ई, विशुन यादव की एक बीघा खड़ी गेंहू की फसल,हरिहर यादव की मड़ई तथा दो बीघा खड़ी फसल,उमाशंकर पांडेय की दो बीघा खड़ी फसल,अयोध्या की मड़ई, जयनाथ की मड़ई सहित हजारों रुपये के सामान जलकर राख हो गए।सूचना देने के घण्टो बाद दमकल की गाड़ी मौके पर पहुँची तब तक ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया था। आक्रोशित किसानों का कहना था कि यदि समय से फायरब्रिगेड पहुंच जाता तो संभव था कि कुछ कम क्षति होती।ग्रामीणों ने अधिकारियों से किसानों को क्षतिपूर्ति देने की मांग की है।