मऊ। जिलाधिकारी अमित सिंह बंसल ने सोमवार को विकास भवन में स्थित कोविड-19 कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। इस दौरान सेंटर के प्रभारी के अनुपस्थित मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। जिलाधिकारी ने तीसरे शिफ्ट के प्रभारी के बारे में पूछा तो संतोषजनक जवाब नहीं मिला। कहा कि सेंटर प्रभारी शिफ्टवाइज तैनात रहें। उन्होंने कर्मचारी को निरंतर कॉल रिसीव करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने विकास खंड के नाम, प्रत्येक विकास खंड के सीएचसी, आरआरटी टीम की सूचना चस्पा करने का निर्देश दिया। कहा कि कुछ दिन पहले एक भी कोरोना के मरीज नहीं था लेकिन अब तेजी से कोरोना के मरीज मिल रहे हैं। पहले से अधिक तेज वायरस फैल रहा है। ऐसे में किसी प्रकार की लापरवाही न करें। यदि कोई व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव मिलता है तो उसकी सूचना तत्काल पोर्टल पर अपलोड करें। उसके संपर्क में आने वाले 25 लोगों की जांच करें। जिलाधिकारी ने कंट्रोल रूम कर्मचारी से आरआरटी टीम के कार्य के बारे में पूछा तो वह जवाब नहीं दे पाया। इस पर डीएम ने समस्त कर्मचारियों को पुन: प्रशिक्षण कराने के निर्देश मुख्य चिकित्साधिकारी को दिया। कहा कि होम आइसोलेशन में रह रहे लोगों की घर जाकर जांच करें। कोई मरीज फोन नहीं उठाता है तो उसे अस्पताल में भर्ती करें। एल वन अस्पताल में अलग बाथरूम की व्यवस्था करने का निर्देश दिया। होम आइसोलेशन वाले मरीज की दिन में दो बार मानीटरिंग की जाए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी राम सिंह वर्मा, जिला विकास अधिकारी विजय शंकर राय, मुख्य चिक्सिाधिकारी डॉ. सतीश सिंह आदि शामिल रहे।