मऊ। बीते 10 जून को रेलवे स्टेशन मार्ग पर हिस्ट्रीशीटर गुलशन यादव की हत्या में शामिल दो मुख्य आरोपियों को पुलिस टीम ने कचहरी गेट से गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी कोर्ट में सरेंडर करने वाले थे लेकिन मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सरेंडर ने उन्हें पहले ही गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले इस हत्याकांड में शामिल पांच आरोपियों को पुलिस ने बीते 13 जून को गिरफ्तार किया था। इस हत्याकांड में अब भी चार आरोपी फरार हैं। पकड़े गए एक आरोपी ने खुद पर हमले का बदला लेने के चलते हिस्ट्रीशीटर की हत्या करने की बात कही। पुलिस को मिली इस सफलता की जानकारी सीओ सिटी अंजनी कुमार पांडेय ने प्रेसवार्ता में दी।
बताया कि मुखबिर से सूचना मिली गुलशन हत्याकांड में शामिल मुख्य आरोपी रितेश सोनकर उर्फ किलर निवासी दक्षिणटोला और हिमांशू दोनों ही इस मामले में कोर्ट में सरेंडर करने वाले हैं। जिसपर दो टीम गठित की गई। सरेंडर करने से पहले इन दोनों को कचहरी गेट से गिरफ्तार किया। सीओ सिटी ने बताया कि रितेश पर आठ मुकदमे और हिमांशु पर पांच मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने इनके पास से हत्या में इस्तेमाल चाकू, चाबी ,ईट मोबाइल ,फोन और बाइक बरामद की है। रितेश ने बताया कि उस पर उसके चचेरे भाई हिमांशू पर 2021 पर हमला गुलशन ने अपने साथियों के साथ मिलकर किया था। इस हमले को लेकर वह काफी समय से गुलशन को सबक सिखाने की योजना बना रहा था। जहां मौका मिलने पर बीते 10 जून को गुलशन की हत्या उसने अपने साथियों के साथ मिलकर कर दी।