मऊ। ताने बाने के शहर मऊ में आपसी भाईचारगी को बनाए रखने के लिए अर्से से चली आ रही ईद मिलन समारोह और होली मिलन समारोह का चलन इस कोरोना संक्रमण के चलते टूट गया। ईद के अवसर पर डीएवी इंटर कालेज में यह समारोह का आयोजन किया जाता था। इसमें हिंदू मुसलमान एकत्र होकर एक दूसरे को बधाईयां और शहर की समस्या और आपसी एकता को बनाए रखने पर चर्चा करते थे। लेकिन कोरोना संक्रमण काल ने इस परपंरा को तार तार कर दिया।
बताते चले संप्रदायिकता के मामले में संवेदनशील मऊ शहर में आपसी एकता और अखंडता बनाए रखने के लिए होली पर मुसलिम इंटर कालेज के प्रांगण में होली मिलन समारोह का आयोजन मुसलमानों की तरफ से तथा ईद पर ईद मिलन समारोह का आयोजन डीएवी इंटरकालेज के प्रांगण में हिंदू समुदाय की तरफ से हर वर्ष आयोजित किया जाता था। इसमें शहर के दोनों समुदाय के संभ्रांत नागरिकों के साथ प्रशासनिक अधिकारी भाग लेते थे। साथ ही आपसी समरसता पर चर्चाएं होती थी। यहां यह भी देखा जाता था कि इस पर्व में किसके तरफ से क्या कमी रह गई जिसे आगे से सुधारा जा सकें। हर वर्ष यह आयोजन हर हाल में होता था, लेकिन कोरोना संक्रमण काल के चलते वर्ष 2020 से यह परंपरा जो टूटी, इस वर्ष भी आयोजित नहीं हो सकी। यही हाल बीते वर्ष और इस वर्ष होली में हुआ, वहीं हाल बीते वर्ष की तरह इस वष ईद पर्व पर हुआ, जब भाई चारगी का प्रतीक ईद मिलन समारोह का आयोजन नहीं किया जा सका।