मऊ। ब्लॉक क्षेत्र के कसारा ग्राम पंचायत में निर्माणाधीन खेल मैदान का शुक्रवार को डीसी मनरेगा उपेंद्र पाठक ने निरीक्षण किया। निरीक्षण में मानक के अनुरूप कार्य न होने पर ठेकेदार को मानक के अनुरूप कार्य कराने का निर्देश दिया।
कोपागंज ब्लॉक के ग्राम पंचायत कसारा में ब्लॉक का पहला मॉडल खेल मैदान 16 लाख 85 हजार रुपये की लागत से बनाया जा रहा है। मैदान परिसर में पैदल चलने के लिए पाथवे, दौड़ने के लिए ट्रैक, वालीबॉल, बैडमिंटन के लिए कोर्ट, बैठने के लिए कुर्सियां, कबड्डी की फील्ड, ओपेन जिम, छोटे बच्चों के लिए झूला से सुसज्जित करना है। इसके तहत कार्य किया जा रहा है। शुक्रवार को खेल मैदान के निर्माण कार्य में मानक के अनुरूप कार्य करने की शिकायत पर डीसी मनरेगा उपेंद्र पाठक यहां शाम को निरीक्षण करने पहुंचे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि चहारदिवारी निर्माण में घटिया ईंट का प्रयोग किया जा रहा है। जिस पर उन्होंने ठेकेदार को फटकार लगाते हुए मानक के अनुरूप ही निर्माण सामग्री का प्रयोग करने का निर्देश दिया। साथ ही चेताया कि अगली बार किसी तरह की शिकायत मिलने पर जांच में सही मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।