चिरैयाकोट। नगर पंचायत के जमीनदुर्गा वार्ड में नाला निर्माण में अनियमितता की शिकायत पर तहसीलदार राहुल कुमार गुप्ता ने शनिवार को निर्माण स्थल पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया। तहसीलदार ने नाला निर्माण करा रहे ठेकेदार को निर्देश दिया कि कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
नगर पंचायत में तकिया बाजार जाने वाले मुख्य मार्ग पर नाला का निर्माण कार्य चल रहा है। स्थानीय लोगों ने मुहम्मदाबाद गोहना तहसीलदार शिकायती प्रार्थनापत्र देकर आरोप लगाया था कि निर्माण में दोयम दर्जे का सामान प्रयोग में लाया जा रहा है। शिकायत का संज्ञान लेते हुए तहसीलदार निर्माण कार्य का निरीक्षण करने पहुंच गए। इस दौरान स्थानीय लोग मौजूद रहे। नाला निर्माण में प्रयोग में की जा रही सामग्रियों की जांच कराई। तहसीलदार ने निर्माण में दोयम दर्जे के सामान का प्रयोग होने से इंकार किया। इसके बाद शिकायत कर्ता को आश्वासन दिया कि शेष कार्य को भी सही ढंग से कराया जाएगा। कार्य की गुणवत्ता में किसी प्रकार की शिकायत मिली तो पुन: कार्य का निरीक्षण किया जाएगा। इस मौके पर अमरनाथ वर्मा, अजीत मद्देशिया, सभासद मुन्ना, इरफान, लेखपाल विनोद गिरि मौजूद रहे।