मऊ। नववर्ष चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के दिन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने वर्ष प्रतिपदा उत्सव मनाया। आरएसएस के तत्वावधान में सोनीधापा इंटर कालेज के मैदान में नववर्ष के कार्यक्रम में दो हजार से अधिक स्वयंसेवकों ने प्रतिभाग किया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र बौद्धिक प्रमुख मिथिलेश नारायण ने कहा कि विक्रमी संवत 2079 का आज से प्रारंभ हो रहा है। आज ही के दिन वैदिक गणना के अनुसार संघ के संस्थापक केशव माधव हेडगेवार का जन्मदिवस भी है। डॉ. हेडगेवार ने बंगाल से अपनी डॉक्टरी की शिक्षा प्राप्त की। इसी के साथ वह वहां पर अनुशीलन समिति से जुड़ गए जो एक क्रांतिकारी संगठन था बाद में अपने घर नागपुर आने के बाद डॉक्टरी का काम न कर वह देश के काम में लग गए और कांग्रेस ज्वाइन किया। कालांतर में आजादी प्राप्त करने के पूर्व ही उनको लगा कि भारत की अक्षुणता बनाए रखने के लिए संघ के स्थापना करना जरूरी है। इसलिए 1925 में उन्होंने नागपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना की। आज संघ का उद्देश्य किसी के ऊपर शासन करना नहीं है, समाज का संगठन करते हुए राष्ट्र को परम वैभव पर पहुंचाना है। पूर्ण गणवेश में सोनी धापा के मैदान में अनुशासित तरीके से कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विभाग संघचालक राम प्रताप, विभाग कार्यवाह रामविलास चौबे, जिला प्रचारक राजीव नयन, जिला कार्यवाह विनोद वर्मा, लक्ष्मण प्रसाद, वीरेंद्र यादव, जिला कार्यवाह नर्वदेश्वर राय, जिला संपर्क प्रमुख राजेश पांडेय, आनंद, कैलाश, राम कुंवर, पंकज, प्रवीण आदि उपस्थित रहे।