मुहम्मदाबाद गोहना। क्षेत्र में अमन, चैन, शांति और आपसी भाईचारा कायम रखने को लेकर डीआईजी अखिलेश कुमार के नेतृत्व में मंगलवार को शाम 5 बजे पुलिस रूट मार्च निकाला गया। रूट मार्च कैलेंडर तिराहा से खैराबाद बाजार अतरारी गांव, चुंगी मुहम्मदाबाद गोहना कस्बा आदि से भ्रमण करते हुए कोतवाली में आकर समाप्त हुआ। इस दौरान लोगों को अमन चैन और शांति के साथ रहने का संदेश दिया गया। रूट मार्च में शामिल सैकड़ों की संख्या में पुलिस जवानों को देखकर लोगों में काफी उत्सुकता रही। आजमगढ़ मंडल परिक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक अखिलेश कुमार अचानक मुहम्मदाबाद गोहना कस्बा कोतवाली पहुंचे। प्रदेश के कानपुर में हुई घटना को लेकर सभी वर्गों में सुखद संदेश देने के उद्देश्य से रूट मार्च निकालने का निर्देश दिया। इस दौरान मऊ जनपद के पुलिस अधीक्षक चंद्रभान धुले भी कोतवाली पहुंचे। दोनो अधिकारियों के नेतृत्व में कस्बा के कैलेंडर तिराहा से खैराबाद बाजार, अतरारी गांव, चुंगी, कस्बा आदि होते हुए रूट मार्च निकाला गया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी राजकुमार, कोतवाल शैलेश सिंह, समेत खैराबाद, मुहम्मदाबाद, आदि कस्बों के चौकी इंचार्ज और सैकड़ों पुलिसकर्मी शामिल रहे।