मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के फुलवरिया गांव में बुधवार को ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। यह विरोध शराब की दुकान को गांव की ओर स्थानांतरित किए जाने की सूचना के बाद हुआ। फोरलेन सड़क निर्माण के कारण दुकान को सड़क से दूर हटाने का निर्देश दिया गया था।
रामजन्म, प्रमोद, शशीकला, सुनिता, अभिषेक, रीता सहित दूसरे ग्रामीणों का आरोप है कि दुकान को गांव के नजदीक खोलने से महिलाओं और बच्चों को परेशानी होगी। चक्काजाम के कारण मुहम्मदाबाद गोहना घोसी मार्ग पर आधे घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से बातचीत की और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। अधिकारियों के समझाने के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया। इस बाबत सीओ जितेंद्र सिंह ने बताया कि सड़क के पास स्थित शराब की दुकान को गांव में जाने वाले लिंक रोड पर ले जाया जा रहा था, जिसका ग्रामीणों ने विरोध किया। उन्होंने कहा कि दुकान का निर्माण कार्य फिलहाल रोक दिया गया है। इस मामले को उच्च अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है और जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।