मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक प्रमुख पद के लिए शुक्रवार को दो प्रत्याशियों ने अपने नामांकन वापस ले लिये। इस प्रकार अब प्रमुख पद के लिए भाजपा, सपा के अलावा एक निर्दल प्रत्याशी के बीच मुकाबला होगा। मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक प्रमुख का पद अनारक्षित है। इसके लिए भाजपा से पूर्व ब्लाक प्रमुख रानू सिंह उनकी सास शोभा सिंह सपा प्रत्याशी शिवबचन यादव के अलावा दो अन्य निर्दल जयेंद्र यादव व राधिका यादव पत्नी जंग बहादुर द्वारा नामांकन पत्र दाखिल किया गया था। शुक्रवार को शोभा सिंह और राधिका देवी ने अपनी उम्मीदवारी वापस ले लिया। इस प्रकार अब शेष बचे सपा के शिव बचन यादव, भाजपा की रानू सिंह और निर्दल प्रत्याशी जयेंद्र यादव के बीच मुकाबला होगा।
मुहम्मदाबाद गोहना के ब्लाक प्रमुख पद के लिए जयेंद्र यादव द्वारा दाखिल किया गया नामांकन अब सपा के लिए नई समस्या बन गया है। सपा प्रत्याशी शिवबचन यादव के साथ साये की तरह रहने वाले जयेंद्र यादव का पर्चा एक सोची सांझी रणनीति के तहत दाखिल कराया गया था। शिवबचन यादव का नामांकन सही घोषित होने के बाद जयेंद्र का नामांकन शुक्रवार को वापस लिया जाना था। इस बीच पुलिस से बवाल की घटना में सपा के 17 कार्यकर्ताओं पर दर्ज हुए मुकदमा में जयेंद्र यादव भी नामजद किए गए हैं। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जाने की आशंका से वह अपना नामांकन पत्र वापस लेने ही नहीं आए।