मऊ। महाशिवरात्रि पर मंगलवार को शिवालयों और मंदिरों में शिवभक्त महादेव का जलाभिषेक करेंगे। नगर सहित जिले के विभिन्न इलाकों से श्रद्घालुओं का जत्था गाजीपुर के लिए रवाना हुआ। जो वहां से गंगा जल भर कर सुबह पैदल लौटेंगे और शिवमंदिरों में भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। दिनभर विविध धार्मिक कार्यक्रम होंगे। उधर, मंदिरों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। नगर क्षेत्र में खास तौर से शीतला माता धाम स्थित शिव मंदिर, मठिया टोला शिवाला, भीटी स्थित शिव मंदिर, कतुआपुरा स्थित शिव मंदिर, आजमगढ़ मोड़ स्थित शिव मंदिर, जिला अस्पताल स्थित शिव मंदिर, ब्रह्मस्थान, रोडवेज शिव मंदिर, सिंधी बाबा की कुटी सहित मधुबन का शिवपुर पांति, कोपागंज, लैरोदोनवार सहित विभिन्न शिव मंदिरों पर महाशिवरात्रि की तैयारियां सोमवार को पूरी कर ली गईं। इसके साथ ही भजन कीर्तन भी शुरू हो गया। मंदिरों को बिजली की झालरों से सजाया गया है। महाशिवरात्रि पर विविध धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। प्रमुख शिव मंदिरों पर महादेव का फूलों से शृंगार होगा और उनका अभिषेक दूध और गंगा जल से कराया जाएगा। जबकि कई इलाकों में भगवान शिव के विवाह की लीला का मंचन भी किया जाएगा। मधुबन : पांति गांव में स्थापित शिव मंदिर पर शिवरात्रि के दिन भारी संख्या में शिवभक्त भगवान शंकर का जलाभिषेक करेंगे। मझवारा : पवनी गांव स्थित भागतेश्वर मंदिर में शिवभक्त भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। विधि विधान से भगवान शिव का जलाभिषेक करने से सभी मनोकामना पूरी हो जाती है। भक्त मंदिर को सजाने संवारने में लगे रहे। सोमवार से ही भजन कीर्तन शुरू हो गया। जिले के प्रमुख शिवमंदिरों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। नगर सहित जिले के 125 प्रमुख शिव मंदिरों को चिह्नित कर पुलिस प्रशासन की ओर से मंदिरों पर उमड़ने वाली भीड़ के हिसाब से पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। नगर के शीतला माता धाम से निकलने वाली शिव बरात को देखते हुए पीएसी सहित सुरक्षा बलों की तैनाती रहेगी। सीओ सिटी धनंजय मिश्र ने बताया कि प्रमुख शिव मंदिरों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बन मौजूद रहेंगे। शिव बरात जुलूस के साथ पीएसी सहित सुरक्षा बलों को तैनात किया जाएगा। जबकि सभी तिराहोें, चौराहों पर यातायात सुचारू रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस मौजूद रहेगी।