रील की लत पड़ी भारी: इंस्टाग्राम छोड़ो, तभी साथ रहूंगा... पति ने पत्नी के साथ रहने के लिए रखी अनोखी शर्त
मऊ जिले में परिवार परामर्श की बैठक हुई। इस दौरान 20 मिनट की काउंसिलिंग के बाद भी एक दंपती के बीच सहमति नहीं बन सकी। पत्नी की रील बनाने की आदत से परेशान पति ने शर्त रखी की इंस्टाग्राम छोड़ो, तभी साथ रहूंगा।
विस्तार
सोशल मीडिया की बढ़ती लत अब वैवाहिक रिश्तों में भी तनाव की वजह बनने लगी है। रविवार को परिवार परामर्श की बैठक में ऐसा ही एक मामला सामने आया, जहां पत्नी की इंस्टाग्राम पर रील बनाने की आदत से परेशान पति ने साथ रहने के लिए शर्त रख दी। युवक ने परामर्श के सदस्यों से साफ कहा कि वह पत्नी के साथ तभी रहने को तैयार है, जब वह इंस्टाग्राम चलाना और रील बनाना छोड़ दे। 20 मिनट की काउंसिलिंग के बाद भी दोनों के बीच सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद सदस्यों ने दोनों को न्यायालय जाने की सलाह देते हुए फाइल बंद कर दी।
युवक पत्नी से अलग होने की शिकायत लेकर परिवार परामर्श केंद्र पहुंचा था। उसने बताया कि पत्नी हर समय इंस्टाग्राम पर रील बनाने में लगी रहती है। जब वह इस आदत को लेकर पत्नी को समझाने या टोकने का प्रयास करता है तो घर का माहौल तनावपूर्ण हो जाता है। युवक ने परामर्श सदस्यों के सामने कहा कि वह इस स्थिति से परेशान है और अब पत्नी के साथ तभी रहने को तैयार होगा, जब वह इंस्टाग्राम पर रील बनाना छोड़ दे।
पत्नी ने रील छोड़ने से किया इन्कार
परामर्श के दौरान सदस्यों ने महिला को भी पति की शिकायत को समझते हुए रील बनाने की आदत छोड़ने की सलाह दी, लेकिन उसने इससे साफ इन्कार कर दिया। दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन करीब 20 मिनट की काउंसिलिंग के बाद भी कोई समझौता नहीं हो सका। अंततः दोनों को न्यायालय जाने की सलाह देकर मामले की फाइल बंद कर दी गई।
43 मामलों में 19 का हुआ निस्तारण
परिवार परामर्श की बैठक रविवार सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक चली। इसमें कुल 43 मामले पेश किए गए, जिनमें 19 का निस्तारण किया गया। नौ दंपतियों ने आपसी गिले-शिकवे भुलाकर फिर से साथ रहने की सहमति जताई। वहीं, दोनों पक्षों के सहयोग न करने पर आठ फाइलें बंद करनी पड़ीं। एक मामले में प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्णय लिया गया। बैठक में पदाधिकारी अर्चना उपाध्याय, सर्वेश दूबे, शाहिद पैरिस और मौलवी अरशद ने मामलों की काउंसिलिंग कर निस्तारण किया।