Ghosi Bypoll: घोसी में ओमप्रकाश राजभर बोले- अखिलेश यादव को पहुंचाएंगे सैफई, 2024 में सपा का नहीं खुलेगा खाता
घोसी विधानसभा सीट उपचुनाव के भाजपा प्रत्याशी दारा सिंह चौहान के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर जमकर हमला बोला।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मऊ की घोसी विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर बुधवार को भाजपा प्रत्याशी दारा सिंह चौहान ने नामांकन दाखिल किया। इससे पहले भाजपा ने शक्ति प्रदर्शन किया। जनसभा में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी और डिप्टी सीएम बृजेश पाठक, मंत्री एके शर्मा, दयाशंकर सिंह, गिरीश यादव, दानिश आजाद और आजमगढ़ के सांसद दिनेश लाल निरहुआ समेत कई दिग्गजों का जमावड़ा हुआ। दारा सिंह चौहान के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर जोरदार हमला बोला।
सुभासपा प्रमुख ने वोटों का गणित समझाते हुए कहा की इस उपचुनाव में सपा दूर-दूर तक हमारे आसपास भी नहीं है। उपचुनाव में हमारा गठबंधन सपा के प्रत्याशी की जमानत जब्त करवा देगा। यह चुनाव सुभासपा के सम्मान का चुनाव है। अगले साल लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी का खाता नहीं खुलने देंगे।
20 साल लगातार विपक्ष में बैठेंगे अखिलेश
अखिलेश यादव का नाम लेकर कहा कि वो जीतने की बात छोड़ दें। 20 साल लगातार विपक्ष में बैठेंगे। जो मुझे बर्बाद करने की बात करते थे उन्हें हम सैफई पहुंचाएंगे। सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने कहा की यह लड़ाई आम जनमानस की है, मेरे सहयोग से सपा को पिछले चुनाव में फायदा हुआ था। घोसी सीट पर पांच सितंबर को वोटिंग और 8 सितंबर को मतगणना है।
ये भी पढ़ें: मऊ में गरजे डिप्टी सीएम, बोले- 'यह उपचुनाव नहीं, सकारात्मक माहौल का अवसर है'
उपचुनाव लोकसभा चुनाव 2024 का रिहर्सल
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने लालगंज विधानसभा क्षेत्र के गिड़उर में राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर का स्वागत किया। राजभर ने कार्यकर्ताओं के साथ लोकसभा चुनाव की रणनीति बनाई। कहा कि घोसी विधानसभा सीट का उपचुनाव लोकसभा चुनाव 2024 का रिहर्सल है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी कार्यकर्ता एकजुट होकर काम करें। कहा कि घोसी उपचुनाव में सीएम योगी आदित्यनाथ को विश्वास दिलाया है कि भाजपा के प्रत्याशी की जीत तय है।
भूपेंद्र सिंह चौधरी बोले- घोसी में होगी भाजपा की बड़ी जीत
जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि भाजपा प्रत्याशी के नामांकन में जो यह भारी जनमानस इकट्ठा हुआ है, इससे साफ है की हमारे प्रत्याशी की बड़ी जीत होगी। बोले कि भाजपा वंचितों और गरीबों की सरकार है। हमारी सरकार बिना किसी भेदभाव के योजनाओं का लाभ देती है। उपचुनाव में घोसी की जनता हमारे प्रत्याशी को बड़ी जीत देने जा रही है।
सपा के लोगों को बर्दाश्त नहीं हो रहा विकास
वहीं, कैबिनेट मंत्री एके शर्मा ने कहा की इस समय हमारी डबल इंजन की सरकार चल रही है, अब आपकी जिम्मेदारी है की आप हमारे प्रत्याशी को उपचुनाव में जिताकर ट्रिपल इंजन की सरकार बनाएं, जिससे घोसी के विकास को और तेजी दी जा सके। इसी क्रम में अपना दल के कार्यकारी अध्यक्ष आशीष पटेल ने कहा की हमारे गठबंधन की सरकार जनता के हित में काम कर रही है, लेकिन सपा के लोगों को यह बर्दाश्त नहीं हो रहा है। कहा कि एनडीए के सभी दल मिलकर जनता के सहयोग से उपचुनाव को आसानी से जीत लेंगे।
इससे पहले आजमगढ़ के सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ ने जनसभा को संबोधित किया। बोले कि यह बड़ा सही समय है, इस अवसर का सदुपयोग करते हुए हमें पूरे देश में संदेश देना है कि आगामी 2024 लोकसभा चुनाव को जीतकर हमें अपने देश को जल्द से जल्द विकसित देशों की श्रेणी में खड़ा कर देना है।