मऊ में आग ने मचाई तबाही: शॉर्ट सर्किट से लगी आग से फटा सिलिंडर, बालक की मौत, छह परिवारों का आशियाना राख
मऊ जिले के मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के पड़ेरूआ गांवमें एक रिहायशी मड़ई में शार्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। आग की जद में आने से छह मड़ई खाक हो गई। वहीं एक बच्चे की मौत हो गई।
विस्तार
मऊ जिले के पड़ेरूआ गांव में शनिवार दोपहर दर्दनाक घटना घट गई। शार्ट सर्किट से मड़ई (कच्चा मकान) में लगी आग ने इतना विकराल रूप धारण किया कि एक बच्चे की मौत हो गई। वहीं छह परिवारों का आशियाना राख हो गया। घटना के बाद से गांव में कोहराम मचा है। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर ग्रामीणों ने काबू पाया। घटना की सूचना पर आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। राजस्व कर्मी आग से हुए नुकसान का रिपोर्ट तैयार करने में जुटे हैं।
मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के पड़ेरूआ गांव की नट बस्ती में में एक रिहायशी मड़ई में शार्ट सर्किट से आग लग गई। लोग कुछ समझ पाते तबतक आग दूसरे ग्रामीण की मड़ई तक पहुंच गई। दूसरे मड़ई में लगी आग की जद में आकर सिलिंडर विस्फोट कर गया।
200 मीटर दूर जाकर गिरा सिलिंडर
धमाका इतना तेज था कि सिलिंडर फटने के बाद 200 मीटर दूर जा गिरा। हादसे में मड़ई में सो रहे आठ वर्षीय बालक की मौत हो गई। वहीं आग ने आसपास के आधा दर्जन लोगों के मड़ई, छप्पर और करकट आदि को भी चपेट में ले लिया। मुख्तार, फिरोज, झिनक, गुफ्तार समेत छह लोगों के आशियाने जलकर खाक हो गए। आग की चपेट में आकर गेहूं का सैकड़ों बोझ भी जल गया।
सभी के घरों में रखा गृहस्थी और खाने पीने का सामान खाक हो गया। पीड़ित झीनक ने रो-रोकर बताया कि उसके घर में बेटी की शादी है। शादी के लिए सामान खरीद कर रखा गया था। आग से सभी सामान और कुछ पैसे और गहने भी जल गए।

सूचना मिलने पर कोतवाल शैलेश सिंह, उप जिला अधिकारी मनोज तिवारी, सीओ राजकुमार सिंह समेत राजस्व कर्मी और लेखपाल मौके पर पहुंचे। एसडीएम के निर्देश पर नुकसान हुए सामान का ब्यौरा तैयार किया गया। मृत आठ वर्षीय इरफान का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।