मऊ में चूहे का कारनामाः सब स्टेशन में घुसे चूहे के कारण हजार से ज्यादा घरों में अंधेरा, लोगों ने जागकर काटी रात
33 केवीए के सबस्टेशन के फीडर में चूहा घुस गया। थोड़ी ही देर में तेज आवाज के साथ फीडर से चिंगारी निकलने लगी। इस कारण आधी रात से बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई। संयोग रहा कि वहां पर कोई कर्मचारी नहीं था।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक बिजली की आपूर्ति चरमरा गई है। चिरैयाकोट क्षेत्र में उस समय विद्युत सब स्टेशन की चर्चा होने लगी, जब एक चूहे के कारण क्षेत्र की बिजली पूरे 20 घंटे बाधित रही। विद्युत सब स्टेशन में लगे फीडर में शुक्रवार की रात काफी तेज आवाज के साथ चिंगारी निकलने लगी। इसके बाद फीडर बंद हो गया। जिससे पूरे इलाके में अंधेरा छा गया। विद्युत विभाग द्वारा फीडर बनाए जाने का प्रयास किया जा रहा है।
शुक्रवार रात क्षेत्र के मनाजीत ग्राम के पास स्थित 33 केवीए के सबस्टेशन के फीडर में चूहा घुस गया। थोड़ी ही देर में तेज आवाज के साथ फीडर से चिंगारी निकलने लगी। इस कारण आधी रात से बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई। संयोग रहा कि वहां पर कोई कर्मचारी नहीं था। फीडर जल जाने के कारण लगभग एक हजार से अधिक घरों में अंधेरा छा गया।
स्थानीय लोग उमस भरी गर्मी के कारण परेशान हो गए। इस संबध में अवर अभियंता प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार रात में बारिश के समय एक चूहा घुस गया था और करंट लगने से हुई तेज स्पार्किंग के चलते फीडर में लगे तार जलने लगे। बताया कि इंजीनियर की टीम जले तार व उपकरण को ठीक करने में लगी हुई है। जल्द से जल्द आपूर्ति बहाल करा दी जाएगी।
फॉल्ट के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में 21 घंटे से बिजली आपूर्ति ठप
मऊ जिले के बख्तावरगंज विद्युत उपकेंद्र के चार फीडरों से परदहा रानीपुर ब्लॉक के ग्रामीण इलाकों से लगाये शहरी क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति की जाती है। शुकवार रात आठ बजे से ही मेन लाइन में फॉल्ट के कारण शहरी क्षेत्र में 13 घंटे और ग्रामीण क्षेत्रों में 21 घंटे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रही है। फॉल्ट को ठीक कराकर शनिवार को 13 घंटे बाद आपूर्ति बहाल कर दी गई।
वहीं फीडर नंबर तीन से ग्रामीण इलाकों में आपूर्ति की जाती है लोकल फॉल्ट के कारण शहरी क्षेत्र में 21 घंटे तक आपूर्ति बाधित रही। बिजली न रहने के कारण लोगों को काफी परेशान का सामना करना पड़ा। उपकेंद्र के ग्रामीण इलाकों, खुरहट,अमारी, अमरहट,बैजापुर, कासिमपुर,रैनी,बैजापुर, भूपतनगर, मड़ैया ऊसर आदि क्षेत्रो में बिजली आपूर्ति ठप रही। इस बाबत अवर अभियंता जेपी पटेल का कहना है कि फॉल्ट को ठीक कराने में देरी हुई अब आपूर्ति बहाल कर दी गई है।