Mau: ईद मिलादुन्नबी के जुलूस में शरारती तत्वों ने की माहौल बिगाड़ने की कोशिश, तीन आरोपी हिरासत में
ईद मिलादुन्नबी पर रविवार सुबह मऊ के चिरैयाकोट कस्बे में निकाले गए जुलूस में चल रहे कुछ लोगों ने रामलीला के मैदान के पास पहुंचकर नारेबाजी कर सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया।
विस्तार
ईद मिलादुन्नबी पर रविवार सुबह मऊ के चिरैयाकोट कस्बे में निकाले गए जुलूस में चल रहे कुछ लोगों ने नारेबाजी कर सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया। इससे आक्रोशित रामलीला समिति के पदाधिकारियों ने रामलीला बंद करने का निर्णय ले लिया।
जानकारी होते ही प्रशासनिक अफसरों ने आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई का आश्वासन दिया और तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया। इस त्वरित कार्रवाई से माहौल बिगड़ने से बच गया। इससे पूर्व में थाने में आयोजित शांति समिति की बैठक में कहा गया था कि मस्जिद से सटे रामलीला मैदान का विवाद न्यायालय में लंबित है। जिससे मुस्लिम पक्ष को रामलीला मैदान में जाने से मना किया गया था।
रामलीला मैदान के पास नारेबाजी
साथ ही मैदान के पास नारेबाजी या अन्य गतिविधियां न करने की हिदायत दी गई थी। दोनों पक्षों ने सौहार्द बनाए रखने पर सहमति जताई थी। लेकिन रविवार को ईद मिलादुन्नबी के जुलूस में शामिल कुछ शरारती तत्वों ने रामलीला मैदान के पास जाकर नारेबाजी शुरू कर दी। इस पर आक्रोशित रामलीला समिति के पदाधिकारियों ने रामलीला न करने का निर्णय ले लिया।
इसकी जानकारी होते ही एसडीएम अखिलेश सिंह यादव, क्षेत्राधिकारी नरेश कुमार ने माहौल बिगाड़ने का प्रयास करने वाले तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया। मुकदमा दर्ज करने का आश्वासन देकर मामले को शांत कराया। इसके बाद समिति ने रामलीला का मंचन जारी रखने का निर्णय लिया है।
पढ़ें: वाराणसी में नबी के यौमे पैदाइश पर निकले जुलूस, सरकार की आमद मरहबा... से गूंज उठे इलाके