डॉ. भीमराव आंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में 26 अक्तूबर को सुबह आठ बजे से जिला एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता के माध्यम से राष्ट्रीय अंतरजनपदीय जूनियर एथलेटिक्स मीट के लिए खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन की अध्यक्ष कंचन तिवारी के निर्देशन में होने वाली प्रतियोगिता बालक और बालिका वर्ग में 14 और 16 वर्ष आयु वर्ग के लिए आयोजित की जाएगी। 14 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों की जन्मतिथि 17 नवंबर 2012 से 16 नवंबर 2014 के बीच होनी चाहिए। वहीं, 16 वर्ष आयु वर्ग के लिए जन्मतिथि 17 नवंबर 2010 से 16 नवंबर 2012 के बीच निर्धारित की गई है।
प्रतियोगिता में लंबी कूद, ऊंची कूद, बैक थ्रो और किड्स जैवलिन थ्रो सहित विभिन्न स्पर्धाएं होंगी। किड्स जैवलिन थ्रो के लिए पांच मीटर का रनवे सभी प्रतिभागियों के लिए अनिवार्य है। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया का यूआईडी कार्ड लाना होगा। एसोसिएशन के सचिव पारस नाथ सिंह ने अधिक से अधिक खिलाड़ियों से प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की है। अधिक जानकारी के लिए खिलाड़ी स्टेडियम में प्रतिदिन शाम तीन से पांच बजे तक वरिष्ठ एथलीट रविंद्र पाल, संदीप पासवान, नितेश यादव या एसोसिएशन के सचिव से संपर्क कर सकते हैं।