मऊः संदिग्ध परिस्थिति में ऑटो चालक का शव फंदे पर लटका मिला, पत्नी ने लगाया हत्या का आरोप
रमेश चौबे (45) ऑटो चलाकर परिवार का भरण पोषण करता था। परिवारिक विवाद के चलते वह अपने पिता से अलग किराए के मकान में रहता था। शुक्रवार सुबह उसका शव घर से कुछ दूरी पर बने ट्यूबेल के कमरे में फंदे पर लटकता मिला।
विस्तार
मऊ जिले के नासीरपुर गांव में 45 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसके घर से कुछ दूरी पर बने ट्यूबेल के कमरे में फंदे पर लटकता मिला। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक की पत्नी ने परिवार के दो लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। मृतक पेशे से ऑटो चालक था।
चिरैयाकोट थाना क्षेत्र के नासीरपुर के मौजा तिवारीपुर निवासी रमेश चौबे (45)ऑटो चलाकर परिवार का भरण पोषण करता था। परिवारिक विवाद के चलते वह अपने पिता से अलग चिरैयाकोट किराए के मकान में बीते छह वर्ष से रह रहा था। बताया जा रहा है कि बृहस्पतिवार को वह अपने पैतृक गांव नासीरपुर गया हुआ था। जहां परिवारिक विवाद को लेकर उसकी अपने परिवार के सदस्यों से झड़प हुई थी।
यह विवाद पुलिस तक भी पहुंचा था। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों के समझाने के बाद वापस चली गई। शुक्रवार की सुबह रमेश का शव उसके घर से कुछ दूरी पर बने ट्यूबेल के कमरे में फंदे पर लटकता मिला। घटना की सूचना पर चिरैयाकोट थाना के प्रभारी एसओ उमेशचंद्र यादव घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
उधर मृतक की पत्नी उमा देवी जो कि घटना के समय अपने मायके आजमगढ़ में थी। पति की मौत की सूचना पर थाने पहुंची और अपनी पति की हत्या का आरोप लगाते हुए परिवार के ही दो सदस्यों को आरोपित करते हुए तहरीर दी। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी राजकुमार सिंह का कहना है कि पत्न्नी ने परिवार के दो लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मुकदमा करने की कार्रवाई की जाएगी।