बढुआगोदाम। परदहां ब्लाक क्षेत्र के विद्यापीठ पब्लिक स्कूल में रविवार को कला एवं विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। छात्र छात्राओं ने माडल पेशकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इसमें जलसंचयन के मॉडल को लोगों ने सराहा।छात्र छात्राओं ने जल संचयन, सौर ऊर्जा, मानव रहित मोटर कार, मेट्रो, मानव रहित रेलवे ट्रैक समेत अन्य बेहतरीन माडल पेश किया। 11वीं के छात्र सोनू प्रजापति ने मोबाइल एप से चलने वाली मानवरहित मोटर कार, श्रृष्टि भारती ने सेंसर आधारित स्ट्रीट लाइट, आयुष ने मानव रहित रेलवे क्रासिंग पर आटोमैटिक सिग्नल का माडल प्रस्तुत किया। उत्कर्ष राय, मोहम्मद शाद, अंबरीन फातिमा, गार्गी, गरिमा, अनन्या, इशिका चौधरी, कृतिका का माडल प्रस्तुत किया। प्रदर्शनी का निरीक्षण शिक्षक अमरनाथ मिश्र तथा ऋषिकेष पांडेय ने किया।साथ ही बच्चों से माडल के संबंध में सवाल पूछा। बाल वैज्ञानिकों ने जोरदार तरीके से माडल की बारीकियों को बताया। कहा कि वर्तमान की शिक्षा पद्धति में ज्ञान के साथ विज्ञान समाहित करने से बच्चों में तकनीकी ज्ञान की बढोत्तरी होगी जो आगे चलकर देश के विकास में सहायक होगा। इसके पूर्व मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण कुमार गुप्ता ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण किया। इस अवसर पर विद्यालय के संस्थापक गोपाल तिवारी, प्रबंधक पदमेश तिवारी, डायरेक्टर आनंद उपाध्याय, देवेंद्र बहादुर राय आदि शामिल रहे। संचालन अनीता तिवारी ने किया।